{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पत्नी की हत्या कर सूटकेस में छिपाया शव, नाम बदलकर वाराणसी में रह रहा था आरोपी, STF और सिलवासा पुलिस ने दबोचा

 

वाराणसी। पत्नी की हत्या कर करीब 1500 किलोमीटर दूर वाराणसी में छिपे आरोपी को वाराणसी पुलिस, एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या के बाद उसके शव को सूटकेस में बंद कर दिया था और सिलवासा से फरार होकर वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र में छिपकर रहने लगा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषभ कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव का रहने वाला है। वाराणसी में उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए कमलेश नाम का इस्तेमाल किया और चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में मजदूरी करने लगा था।

प्रेम विवाह के बाद परिवार में विवाद

पुलिस के अनुसार, ऋषभ का अपने ही गांव की छोटी उपाध्याय से कई महीनों तक प्रेम प्रसंग था। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। शादी के बाद ऋषभ के परिवार ने छोटी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया। इसके बाद दोनों किराए के मकान में रहने लगे।

बताया जा रहा है कि छोटी लगातार अपने पति से उसे ससुराल ले जाने की मांग कर रही थी। इसी बीच दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, 9 जून 2026 की शाम सिलवासा स्थित किराए के कमरे में ऋषभ ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को प्लास्टिक से ढककर एक सूटकेस में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गया।

दो महीने बाद सूटकेस से मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को सिलवासा के टोकर खड़ा क्षेत्र स्थित एक मकान से सूटकेस के अंदर महिला का शव बरामद हुआ था। शव करीब दो महीने पुराना बताया गया। मकान मालिक जब कमरा किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर देने के लिए पहुंचा और दरवाजा खोला तो अंदर से दुर्गंध आने पर घटना का खुलासा हुआ।

जांच के दौरान मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

बनारस में पढ़ाई कर चुका था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले वाराणसी में पढ़ाई कर चुका था। इसी वजह से उसने छिपने के लिए वाराणसी को सुरक्षित ठिकाना समझा। किसी परिचित के जरिए उसने मंडुवाडीह के चांदपुर क्षेत्र में किराए का मकान लिया और अपनी पहचान छिपाकर रहने लगा।

पुलिस को उसकी मौजूदगी की जानकारी उस समय मिली, जब उसने एक दोस्त से अपना मोबाइल नंबर साझा किया। इसके बाद एसटीएफ को आरोपी के वाराणसी में छिपे होने की सूचना मिली और उसकी तलाश तेज कर दी गई। कुछ दिनों पहले किसी व्यक्ति ने भी आरोपी को पहचान लिया था।

बिहार में भी दर्ज था अपहरण का मुकदमा

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि ऋषभ और छोटी के प्रेम विवाह के मामले में बिहार के रोह थाने में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

वाराणसी एसटीएफ की टीम ने निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और उपनिरीक्षक विनय मौर्य के साथ कार्रवाई करते हुए सिलवासा पुलिस की टीम के सहयोग से आरोपी को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट से गिरफ्तार किया।

ट्रांजिट रिमांड पर सिलवासा ले गई पुलिस

गिरफ्तार आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को सोमवार दोपहर सीजेएम वाराणसी की अदालत में पेश किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सिलवासा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है। अब वहां की पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ करेगी। आरोपी के परिजनों को भी उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।