{"vars":{"id": "130921:5012"}}

संतकबीर नगर में पहलवान की बेरहमी से हत्या, आंखों में मिर्च झोंकी फिर लाठी-डंडों से पीटा

 

संतकबीर नगर में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश के चलते 35 वर्षीय पहलवान ब्रह्मानंद की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि बाइक से घर से निकलने के कुछ ही देर बाद हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। ब्रह्मानंद के बाइक से गिरते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना खलीलाबाद थाना क्षेत्र के भगठान गोसाईपुर गांव की है। बताया गया कि ब्रह्मानंद मंगलवार शाम बाइक से गिठनी चोकर लेने जा रहे थे। वह घर से करीब 100 मीटर दूर पहुंचे ही थे कि गांव के 8-10 लोगों ने उन्हें घेर लिया। बहस के दौरान हमलावरों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इससे वह बाइक से गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल ब्रह्मानंद को सीएचसी खलीलाबाद ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
2018-19 में रह चुके थे जिला केसरी

ब्रह्मानंद पहलवानी करते थे और वर्ष 2018-19 में संतकबीर नगर के जिला केसरी रह चुके थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई रमाकांत यादव ग्राम प्रधान हैं, जबकि श्रीकांत और रामानंद खेती करते हैं। ब्रह्मानंद की शादी वर्ष 2017 में पूजा से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—चार साल की बेटी जागृति और छह साल का बेटा अंश।


शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

ब्रह्मानंद की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उनका शव खलीलाबाद बाईपास पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।


भाई ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

ब्रह्मानंद के भाई रामानंद यादव ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पहले भी उनके परिवार के साथ मारपीट की थी। उनके मुताबिक, 18 मई को हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस केस दर्ज हुआ था। रामानंद का कहना है कि उन्होंने मगहर पुलिस चौकी को भी सूचना दी थी कि आरोपी घात लगाकर बैठे रहते हैं, लेकिन शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई।

रामानंद ने बताया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उनके भाई के पैर में गोली मारने की बात भी कही, ताकि वह भाग न सकें। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानी और पट्टीदारी को लेकर थी रंजिश

एसपी संदीप मीना के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच प्रधानी और पट्टीदारी को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।