{"vars":{"id": "130921:5012"}}

'तू जमीन बेचकर शराब पी जाएगा'...डांट से बौखलाए बेटे ने की पिता की हत्या, 6 गोलियां दागकर हुआ फरार

 

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पिता के चेहरे, सीने और पेट में छह गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटी हैं।

शराब पीकर घर पहुंचा, पिता की डांट के बाद हुआ खूनी विवाद

मृतक की पहचान 52 वर्षीय हरिओम चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात उनका बड़ा बेटा निखिल (32) शराब के नशे में घर लौटा। पिता ने शराब पीकर आने पर उसे फटकार लगाई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पिता पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं।

गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हरिओम चौधरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

150 करोड़ की संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, हरिओम चौधरी संपन्न किसान थे। उनके नाम पर करीब 75 बीघा जमीन, दिल्ली-मेरठ रोड स्थित एक मार्केट और अन्य संपत्तियां थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि हरिओम पहले ही अपने बड़े बेटे निखिल को 25 बीघा जमीन और मार्केट में कुछ दुकानें दे चुके थे। इसके बावजूद निखिल बाकी संपत्ति भी अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। पिता को आशंका थी कि बेटा जमीन बेचकर शराब और अन्य गलत गतिविधियों में पैसा खर्च कर देगा, इसलिए वे संपत्ति उसके नाम करने के लिए तैयार नहीं थे।

पहले भी छोटे भाई पर चला चुका है गोली

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब आठ वर्ष पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चला दी थी। उस घटना में नीशू की जान बच गई थी। इसके बाद भी परिवार में संपत्ति और शराब की लत को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शुरू की जांच

पति का शव देखकर पत्नी अनीता चौधरी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने बेटे को फटकारते हुए कहा कि उसने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।

एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।