Google 27th Birthday : 27 साल का हुआ Google... गैराज से शुरू हुआ सफर, जानें कैसे बना दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन
Google 27th Birthday : जब भी किसी चीज की जानकारी चाहिए हो या किसी सवाल का जवाब ढंढना हो या फिर किसी विषय पर रिसर्च करनी हो, तो सबसे लोगों के मुंह से यही सुनने को मिलता है कि Google कर लो न…इस सर्च इंजन ने इंटरनेट के इस्तेमाल का तरीका ही बदल दिया है, किसी भी तरह की इंफर्मेशन चाहिए तो लोग गूगल का सहारा पहले लेते है। यह हमारे लाइफ का एक अहम हिस्सा बन चुका है। आज गूगल अपना 27वां जन्मदिन (Google 27th Birthday) मना रहा है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह कंपनी गैराज से शुरू होकर कैसे पूरी दुनिया पर छा गई? इसे किसने बनाया और इसके पीछे की कहानी क्या है? इस आर्टिकल में हम आपको गूगल से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताएंगे, जिनके बारे में शायद ही आप जानते हो।
Google 27th Birthday : कब हुई शुरुआत?
गूगल की आधिकारिक स्थापना 4 सितंबर 1998 को हुई थी, लेकिन कंपनी अपना जन्मदिन 27 सितंबर (Google 27th Birthday) को मनाती है। दरअसल, इसी दिन गूगल ने अपने सर्च इंजन में रिकॉर्ड संख्या में वेबपेज इंडेक्स किए थे। यह मील का पत्थर इतना खास था कि तब से हर साल 27 सितंबर को गूगल का बर्थडे मनाया जाता है। आज गूगल न सिर्फ सर्च इंजन बल्कि टेक्नोलॉजी की दुनिया में नवाचार का प्रतीक बन चुका है।
कैसे शुरू हुई गूगल की कहानी
गूगल की यात्रा 1995 में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से शुरू हुई, जब पीएचडी कर रहे दो छात्रों, लैरी पेज और सर्गेई ब्रिनकी मुलाकात हुई। उनका उद्देश्य इंटरनेट पर बिखरी जानकारी को व्यवस्थित करके लोगों तक सटीक और आसान तरीके से पहुंचाना था। शुरुआत में उनके प्रोजेक्ट का नाम BackRub था, जिसे बाद में बदलकर Google कर दिया गया।
गैराज से चलकर पूरी दुनिया पर कैसे छा गया गूगल
गूगल का पहला दफ्तर किसी बड़ी इमारत में नहीं, बल्कि कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क स्थित एक छोटे से गैराज में था। सीमित संसाधनों और पुराने कंप्यूटरों के साथ दोनों ने अपने विचार को आकार दिया। इसी दौरान निवेशक एंडी बेच्टोलशाइम ने लगभग 75 लाख रुपये (100,000 डॉलर) का निवेश किया, जिससे गूगल को असली कंपनी का रूप मिल सका।
पेजरैंक एल्गोरिदम ने बदली तस्वीर
गूगल का सबसे बड़ा नवाचार उसका PageRank एल्गोरिदम था। इस तकनीक ने वेबसाइटों को केवल कीवर्ड के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी विश्वसनीयता, लोकप्रियता, लिंक और ट्रैफिक के आधार पर रैंक करना शुरू किया। यही वजह थी कि गूगल धीरे-धीरे बाकी सर्च इंजनों से अलग नजर आने लगा और लोगों का भरोसा जीत पाया।
गूगल का वर्तमान रूप
शुरुआत में केवल सर्च इंजन के रूप में मौजूद गूगल आज टेक्नोलॉजी की दुनिया की दिग्गज कंपनियों में से एक है। कंपनी का मुख्यालय कैलिफोर्निया के माउंटेन व्यू में है, जिसे Googleplex कहा जाता है। यहां काम करने वाले कर्मचारी खुद को Googlers और नए जुड़ने वालों को मज़ाकिया अंदाज में Nooglers कहते हैं। आज गूगल सिर्फ इंटरनेट पर जानकारी खोजने का जरिया नहीं, बल्कि एंड्रॉइड, यूट्यूब, जीमेल, गूगल मैप्स और एआई जैसी कई सेवाओं और प्रोडक्ट्स के जरिए पूरी दुनिया की डिजिटल लाइफ का अहम हिस्सा बन चुका है।