NEET PG 2026 के लिए आवेदन आज से शुरू, 30 अगस्त को होगी परीक्षा
New Delhi : नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2026 परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। देशभर में एमडी (MD), एमएस (MS) और पीजी डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली यह परीक्षा 30 अगस्त 2026 को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। लंबे समय से परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बोर्ड ने पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
1 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
NEET PG 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 शाम 5 बजे से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 21 जुलाई 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। NBEMS ने अभ्यर्थियों को अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है।
11 अगस्त को मिलेगी परीक्षा शहर की जानकारी
बोर्ड के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को उम्मीदवारों को उनके परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को यात्रा और ठहरने की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
30 सितंबर को आएगा रिजल्ट
NBEMS द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, NEET PG 2026 का रिजल्ट 30 सितंबर 2026 को घोषित किया जाएगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थी इसके बाद काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होकर मेडिकल पोस्टग्रेजुएट कोर्सों में प्रवेश ले सकेंगे।
NEET PG 2026: पूरा शेड्यूल
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 1 जुलाई 2026 (शाम 5 बजे)
- आवेदन की अंतिम तिथि: 21 जुलाई 2026 (रात 11:55 बजे)
- परीक्षा शहर की जानकारी: 11 अगस्त 2026
- परीक्षा तिथि: 30 अगस्त 2026
- रिजल्ट: 30 सितंबर 2026
क्या है NEET PG?
NEET PG देशभर में MD, MS और PG डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली एकमात्र राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा है। इसके लागू होने के बाद किसी भी राज्य सरकार, निजी मेडिकल कॉलेज या विश्वविद्यालय को इन कोर्सों के लिए अलग प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की अनुमति नहीं है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस परीक्षा में वही उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से MBBS की डिग्री प्राप्त की हो या प्रोविजनल MBBS पास प्रमाणपत्र हासिल किया हो। इसके अलावा उम्मीदवार के पास नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC), पूर्व मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) या किसी राज्य मेडिकल काउंसिल का वैध स्थायी या अस्थायी रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर NEET PG 2026 Application Link पर क्लिक करें। नए अभ्यर्थी पहले रजिस्ट्रेशन करें, फिर प्राप्त यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें। सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें तथा भविष्य के लिए उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।