JEECUP पॉलिटेक्निक 2026 में बनारस के देवेश सिंह ने किया टॉप, बिना कोचिंग के हासिल की बड़ी सफलता
वाराणसी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (JEECUP) द्वारा घोषित पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 के परिणामों में वाराणसी के होनहार छात्र देवेश सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में टॉप किया है। सेवापुरी क्षेत्र के पंपापुर गांव निवासी देवेश ने ग्रुप K8 (टेक्सटाइल) में 264 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।
देवेश की यह सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने किसी भी प्रकार की महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। उन्होंने पूरी तैयारी घर पर रहकर यूट्यूब और चैटजीपीटी जैसे डिजिटल संसाधनों के माध्यम से सेल्फ-स्टडी करते हुए की।
एक साधारण और आर्थिक रूप से सीमित पृष्ठभूमि से आने वाले देवेश के पिता त्रिलोकी सिंह प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) में जवान हैं, जबकि उनकी माता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी शिक्षा में पूरा सहयोग दिया, जिसका परिणाम आज सामने आया है।
देवेश ने जिस K8 ग्रुप में टॉप किया है, वह दो वर्षीय टेक्सटाइल डिप्लोमा कोर्स है। उनका लक्ष्य भविष्य में टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में विशेषज्ञता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे आधुनिक और विशेष यूनिफॉर्म डिजाइन करना चाहते हैं जो सेना के जवानों को हर मौसम और परिस्थिति में अधिक सुरक्षित और आरामदायक बना सकें।
देवेश की इस उपलब्धि पर सेवापुरी और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है तथा लोग इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता मान रहे हैं।