{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ITI प्रवेश नियमों में बड़ा बदलाव, अब 10वीं पास छात्र भी सभी ट्रेड में कर सकेंगे आवेदन
 

 

लखनऊ: प्रदेश की 3300 से अधिक राजकीय, निजी और पीपीपी मॉडल की आईटीआई में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग इस बार प्रवेश नियमों में बड़े बदलाव करने जा रहा है, जिससे हजारों छात्रों को फायदा मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत अब 10वीं पास छात्र भी किसी भी ट्रेड में आवेदन कर सकेंगे। पहले 8वीं और 10वीं पास छात्रों के लिए अलग-अलग ट्रेड निर्धारित थे। 8वीं पास छात्रों को सभी ट्रेड में आवेदन की सुविधा थी, लेकिन 10वीं पास छात्रों पर कुछ ट्रेडों की सीमा लागू रहती थी। विभाग ने अब यह व्यवस्था समाप्त कर दी है।

नई प्रक्रिया में 8वीं और 10वीं पास दोनों ही छात्र सभी ट्रेडों के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के समय अभ्यर्थियों को अपनी संबंधित कक्षा के अंक अपलोड करने होंगे। इन्हीं अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी और मेरिट के अनुसार सीटों का आवंटन होगा।

विभाग ने छात्रों को एक से अधिक ट्रेड में आवेदन की सुविधा भी देने का फैसला किया है, ताकि उन्हें बेहतर विकल्प मिल सकें।

सीट अपग्रेड का भी मिलेगा विकल्प

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, यदि किसी छात्र को 8वीं और 10वीं योग्यता वाले ट्रेडों में सीट मिलती है, तो वह जिस आईटीआई और ट्रेड में पहले प्रवेश लेगा, आगे की सभी चरणों की प्रक्रिया उसी संस्थान से पूरी होगी। बाद के चरणों में उसकी सीट अपग्रेड की जा सकेगी। हालांकि सीट अपग्रेड करानी है या नहीं, इसका निर्णय पूरी तरह छात्र के हाथ में होगा। छात्र चाहें तो वर्तमान आवंटित सीट पर ही प्रवेश जारी रख सकते हैं।

अलग-अलग तैयार होगी मेरिट सूची

राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद के प्रस्ताव के अनुसार, राजकीय, निजी और पीपीपी मॉडल की आईटीआई के लिए 8वीं और 10वीं योग्यता के आधार पर अलग-अलग मेरिट सूची बनाई जाएगी। ट्रेडवार सीटों का आवंटन किया जाएगा।

यदि किसी अभ्यर्थी को राजकीय और निजी दोनों आईटीआई में प्रवेश का मौका मिलता है, तो वह जिस संस्थान में पहले प्रवेश लेगा, वहीं उसकी प्रवेश प्रक्रिया मान्य होगी। दूसरी आईटीआई में उसका चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।