बिहार में TRE 4 भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट, जुलाई में आएगा नोटिफिकेशन
Patna : बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने BPSC की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि TRE 4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जुलाई महीने में हर हाल में जारी कर दिया जाएगा।
लंबे समय से भर्ती विज्ञापन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा काफी अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि इस बार भर्ती प्रक्रिया में डोमिसाइल नीति भी लागू होगी, जिससे बिहार के मूल निवासियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
जुलाई में जारी होगा भर्ती विज्ञापन
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विभाग स्तर पर तैयारियां चल रही हैं और जुलाई में नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही भर्ती से जुड़ी सभी अहम जानकारियां सार्वजनिक कर दी जाएंगी।
हालांकि अभी तक कुल रिक्त पदों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे थे अभ्यर्थी
TRE 4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। कई छात्र संगठनों और शिक्षक अभ्यर्थियों ने लगातार भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग उठाई थी।
इस दौरान कई जगह धरना-प्रदर्शन भी हुए। कुछ मौकों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की खबरें भी सामने आई थीं। अभ्यर्थियों का कहना था कि सरकार जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करे ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री आवास में हुई अहम बैठक
TRE 4 भर्ती को लेकर हाल ही में मुख्यमंत्री आवास में एक अहम बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अलावा शिक्षा विभाग, Bihar Public Service Commission और सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शिक्षक भर्ती परीक्षा, नोटिफिकेशन जारी करने की प्रक्रिया और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद भर्ती प्रक्रिया को तेज करने का फैसला लिया गया।
सवा लाख पदों की मांग
शिक्षक अभ्यर्थियों की मांग है कि TRE 4 के तहत करीब सवा लाख पदों पर भर्ती निकाली जाए। हालांकि सरकार ने फिलहाल पदों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
मंत्री ने कहा कि सभी रिक्तियों और पदों का पूरा विवरण नोटिफिकेशन जारी होने के समय सामने आएगा। ऐसे में अब उम्मीदवारों की नजर जुलाई महीने पर टिकी हुई है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
TRE 4 भर्ती परीक्षा के जरिए सरकारी स्कूलों में विभिन्न स्तरों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें—
- कक्षा 1 से 5 तक के लिए प्राथमिक शिक्षक
- कक्षा 6 से 8 तक के लिए मध्य विद्यालय शिक्षक
- कक्षा 9 और 10 के लिए माध्यमिक शिक्षक
- कक्षा 11 और 12 के लिए उच्च माध्यमिक शिक्षक
की बहाली की जाएगी। इससे शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में खाली पद भरे जा सकेंगे।
पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति
इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव डोमिसाइल नीति को माना जा रहा है। सरकार पहली बार बिहार के मूल निवासियों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है।
लंबे समय से राज्य के युवाओं द्वारा यह मांग उठाई जा रही थी। माना जा रहा है कि इस फैसले से स्थानीय अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में बड़ा फायदा मिल सकता है।