{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CBSE 12वीं रिजल्ट 2026: मई के दूसरे-तीसरे हफ्ते में नतीजे आने की उम्मीद, 18 लाख छात्र इंतजार में

 

New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजों का इंतजार अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। करीब 18 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि यही परिणाम उनके आगे के कॉलेज एडमिशन और करियर की दिशा तय करेगा।

कब आ सकता है रिजल्ट?

बोर्ड ने अभी तक रिजल्ट की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन पिछले वर्षों के ट्रेंड और मौजूदा अपडेट्स के आधार पर नतीजे मई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना है।

इस साल परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित हुई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिजल्ट 10 से 15 मई के बीच जारी हो सकता है। पिछले वर्षों में 2025 और 2024 में 13 मई, जबकि 2023 में 12 मई को परिणाम घोषित किए गए थे।

कैसे तैयार होती है मार्कशीट?

CBSE की मार्कशीट प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल हो चुकी है। कॉपियों के मूल्यांकन के बाद परीक्षक सीधे सिस्टम में अंक अपलोड करते हैं। ऑन-स्क्रीन मार्किंग और रियल-टाइम डेटा एंट्री से गलतियों की संभावना कम हो जाती है। इसके बाद मॉडरेशन पॉलिसी लागू होती है, जिससे अलग-अलग प्रश्न पत्रों के कठिनाई स्तर को संतुलित किया जाता है।

ग्रेस मार्क्स और री-चेकिंग

बोर्ड उन छात्रों को राहत देता है जो एक-दो अंकों से फेल हो रहे होते हैं। ऐसे मामलों में ग्रेस मार्क्स दिए जा सकते हैं। साथ ही कुछ कॉपियों की रैंडम दोबारा जांच भी की जाती है, ताकि मूल्यांकन की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। फाइनल मार्कशीट में थ्योरी के साथ इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल के अंक भी जोड़े जाते हैं।

कैसे चेक करें रिजल्ट?

रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र इन तरीकों से अपना परिणाम देख सकते हैं:

- आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर जाएं

- “CBSE 12th Result 2026” लिंक पर क्लिक करें

- रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि दर्ज करें

- सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा

इसके अलावा छात्र SMS, IVRS, DigiLocker और UMANG ऐप के जरिए भी अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।