{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CBSE 10वीं में 1.47 लाख छात्रों की कंपार्टमेंट, पास होने के लिए मिलेंगे 3 मौके
 

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं कक्षा के रिजल्ट में इस साल देशभर में 1,47,172 छात्रों को कंपार्टमेंट मिला है। बोर्ड की नई दो-एग्जाम प्रणाली के तहत इन छात्रों को पास होने के लिए तीन मौके दिए जाएंगे।

नई व्यवस्था के अनुसार, कंपार्टमेंट वाले छात्रों को पहला मौका मई 2026 में सुधार परीक्षा के रूप में मिलेगा। यदि छात्र इसमें सफल नहीं होता है, तो दूसरा मौका फरवरी 2027 और तीसरा व अंतिम मौका मई 2027 में दिया जाएगा। इसके बाद भी यदि छात्र पास नहीं कर पाता है, तो उसे सभी विषयों की परीक्षा दोबारा देनी होगी।

बोर्ड ने 10वीं पास करने के बाद अतिरिक्त विषय लेकर परीक्षा देने की सुविधा को खत्म कर दिया है। अब छात्र 10वीं के बाद अतिरिक्त विषय नहीं चुन सकेंगे।

पुनर्मूल्यांकन की सुविधा:

CBSE ने बताया है कि दोनों बोर्ड परीक्षाओं (पहली और दूसरी) के लिए फोटोकॉपी, सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की ऑनलाइन सुविधा दूसरी परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद उपलब्ध होगी। छात्र इसका उपयोग 11वीं में एडमिशन के लिए कर सकेंगे।

दूसरी परीक्षा के लिए अलग LOC प्रक्रिया:

दूसरी परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (LOC) अलग से भरी जाएगी। यह प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी। वहीं 21 और 22 अप्रैल को लेट फीस के साथ आवेदन किया जा सकेगा।
प्रति विषय 320 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि तीन विषयों के लिए 960 रुपये देने होंगे। लेट फीस के रूप में 2000 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

महत्वपूर्ण निर्देश:

  • जो छात्र पहले चरण में शामिल नहीं थे, वे अब अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
  • पहले से रजिस्टर छात्र परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं।
  • इच्छुक छात्र अपना नाम वापस भी ले सकते हैं।
  • गणित में विकल्प बदलने की अनुमति है (स्टैंडर्ड से बेसिक), लेकिन अन्य विषयों में बदलाव नहीं होगा।
  • पास छात्र अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधार सकते हैं।
  • ER (Essential Repeat) श्रेणी के छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।
  • परीक्षा में अनुपस्थित रहने पर मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम ही अंतिम माना जाएगा।

बोर्ड के अनुसार, दूसरी परीक्षा भी मुख्य परीक्षा 2026 के पाठ्यक्रम के आधार पर ही आयोजित की जाएगी।