दिल्ली विश्वविद्यालय ने जारी किया नया अकादमिक कैलेंडर, 28 जुलाई से शुरू होंगी UG-PG की कक्षाएं
New Delhi : दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नया अकादमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों की कक्षाओं, परीक्षाओं और अवकाश का पूरा कार्यक्रम घोषित किया गया है। नए कैलेंडर के अनुसार, सेमेस्टर-I, III, V और VII की कक्षाएं 28 जुलाई 2026 से शुरू होंगी, जबकि सेमेस्टर-II, IV, VI और VIII की पढ़ाई 1 जनवरी 2027 से शुरू होगी।
अक्टूबर में मिलेगा ऑटम वेकेशन
विश्वविद्यालय के अनुसार, छात्रों को 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक शरद अवकाश (ऑटम वेकेशन) मिलेगा। इसके बाद 26 अक्टूबर से नियमित कक्षाएं फिर शुरू होंगी।
ऑड सेमेस्टर के छात्रों की नियमित कक्षाएं 20 नवंबर 2026 को समाप्त हो जाएंगी। इसी दिन से तैयारी अवकाश (Preparatory Leave) और प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू होंगी। इसके बाद 4 दिसंबर 2026 से थ्योरी परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
दिसंबर के अंत में विंटर वेकेशन
थ्योरी परीक्षाओं के बाद 25 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक विंटर वेकेशन रहेगा। नए वर्ष की शुरुआत के साथ 1 जनवरी 2027 से ईवन सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू होंगी।
ईवन सेमेस्टर का शेड्यूल भी जारी
विश्वविद्यालय ने ईवन सेमेस्टर का पूरा कार्यक्रम भी जारी किया है। इसके तहत 21 मार्च से 28 मार्च 2027 तक मिड-सेमेस्टर वेकेशन रहेगा। इसके बाद 29 मार्च से नियमित कक्षाएं फिर शुरू होंगी।
ईवन सेमेस्टर की कक्षाएं 30 अप्रैल 2027 को समाप्त होंगी, जिसके बाद तैयारी अवकाश और प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू होंगी। 13 मई 2027 से थ्योरी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं समाप्त होने के बाद छात्रों को 3 जून से 20 जुलाई 2027 तक समर वेकेशन मिलेगा।
समर वेकेशन बढ़ाने पर विचार
विश्वविद्यालय ने यह भी संकेत दिया है कि नए अकादमिक कैलेंडर को समय पर लागू करने के लिए 2025-26 सत्र की समर वेकेशन को 20 जुलाई से बढ़ाकर 27 जुलाई 2026 तक किया जा सकता है। इससे नए सत्र की शुरुआत निर्धारित समय पर सुनिश्चित की जा सकेगी।