B.Ed. में बची सीटों पर सीधे नामांकन का मौका, 18 सितंबर सुबह 11 बजे खुलेगा पोर्टल
मुजफ्फरपुर। बीएड में नामांकन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य स्तरीय बीएड (CET-B.Ed. एवं शिक्षा शास्त्री) 2026 की बची हुई सीटों पर अब सीधे नामांकन का रास्ता खुल गया है। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने इंस्टेंट ऑनलाइन एडमिशन राउंड की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत रिक्त सीटों पर First Come, First Served यानी पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नामांकन होगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल 18 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे खुलेगा और 22 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक प्रक्रिया चलेगी।
पहले आएं, पहले सीट पाएं
इस विशेष नामांकन चरण में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले काउंसलिंग के लिए सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया था। काउंसलिंग पोर्टल पर उपलब्ध कॉलेजों और विषयों की रिक्त सीटें ड्रॉप-डाउन बॉक्स में दिखाई जाएंगी। अभ्यर्थी अपनी पसंद के अनुसार उपलब्ध सीट का चयन कर सकेंगे।
सीट चुनने के 15 मिनट के भीतर करना होगा भुगतान
सीट चयन के बाद अभ्यर्थी को 15 मिनट के भीतर 3,000 रुपये का गैर-वापसी योग्य सीट आरक्षण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। जो अभ्यर्थी निर्धारित समय में भुगतान पूरा करेगा, सीट उसके नाम आरक्षित हो जाएगी। समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं होने पर चयनित सीट स्वत: रद्द होकर अन्य अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध हो जाएगी।
भुगतान के बाद तुरंत मिलेगा अलॉटमेंट लेटर
आरक्षण शुल्क का सफल भुगतान होते ही सिस्टम से अलॉटमेंट लेटर तुरंत जनरेट होगा। इसकी सूचना अभ्यर्थी के पंजीकृत ईमेल पर भी भेजी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी को आवंटित कॉलेज में जाकर मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराना होगा और शेष नामांकन शुल्क जमा करना होगा। पहले जमा किए गए 3,000 रुपये के आरक्षण शुल्क को नामांकन शुल्क में समायोजित कर दिया जाएगा।
सीट बदलने का नहीं मिलेगा मौका
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सीट आवंटित होने और आरक्षण शुल्क जमा होने के बाद अलॉटमेंट अंतिम माना जाएगा। इसके बाद कॉलेज बदलने या दूसरी सीट का दावा करने की अनुमति नहीं होगी। इसलिए अभ्यर्थियों को सीट चुनते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तकनीकी समस्या की जिम्मेदारी नहीं लेगा विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय ने सर्वर, इंटरनेट या पेमेंट गेटवे में तकनीकी समस्या होने पर जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते नामांकन प्रक्रिया पूरी करें। भुगतान सफल होने के बाद उसकी रसीद और विवरण सुरक्षित रखना भी जरूरी होगा।