हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, NEET री-एग्जाम पर फ्री बस सुविधा
Chandigarh : NEET री-एग्जाम की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। पंजाब के बाद अब हरियाणा सरकार ने भी मेडिकल प्रवेश परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस यात्रा सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 20 और 21 जून को NEET री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्र हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
एडमिट कार्ड ही बनेगा टिकट
सरकार ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को अलग से किसी पास या दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। परीक्षा का एडमिट कार्ड ही बस यात्रा के लिए टिकट का काम करेगा। बस में सफर के दौरान छात्रों को केवल अपना NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जिसके बाद उन्हें बिना किराया दिए यात्रा की अनुमति मिल जाएगी।
दूर-दराज के छात्रों को मिलेगी राहत
सरकार का कहना है कि परीक्षा के दौरान परिवहन संबंधी समस्याओं से छात्रों का तनाव बढ़ जाता है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह सुविधा छात्रों को समय पर और बिना चिंता के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेगी।
हरियाणा सरकार ने कहा कि NEET जैसी बड़ी परीक्षा पहले से ही छात्रों पर मानसिक दबाव बनाती है। ऐसे में यात्रा की चिंता खत्म होने से छात्र शांत मन से परीक्षा दे सकेंगे और अपना पूरा ध्यान परीक्षा पर केंद्रित कर पाएंगे। सरकार ने इसे छात्रों के भविष्य और शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया है।
पहले CET अभ्यर्थियों को भी मिली थी सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले CET परीक्षा देने वाले छात्रों को भी इसी तरह की मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। उस दौरान छात्रों को काफी लाभ मिला था। अब उसी व्यवस्था को NEET री-एग्जाम के अभ्यर्थियों के लिए भी लागू किया गया है। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें बेहतर माहौल देने में मददगार साबित होती हैं।