{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भारतीय नौसेना में अग्निवीर भर्ती 2027 का नोटिफिकेशन जारी, 29 जून तक करें आवेदन
 

 

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना मुख्यालय, नई दिल्ली ने अग्निवीर (अप्रेंटिस) भर्ती 01/2027 और 02/2027 बैच के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती प्रक्रिया भारतीय नौसेना प्रवेश परीक्षा (INET 2/2026) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इच्छुक एवं योग्य अविवाहित भारतीय पुरुष उम्मीदवार 5 जून 2026 से 29 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट joinindiannavy.gov.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। भर्ती के लिए आवेदन विंडो 29 जून तक खुली रहेगी, जबकि आवेदन में सुधार के लिए 6 जुलाई 2026 को करेक्शन विंडो उपलब्ध होगी।

योग्यता और आयु सीमा

भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अलावा अभ्यर्थी के पास एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त पॉलिटेक्निक संस्थान से संबंधित ट्रेड में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए, जिसमें कम से कम 50 प्रतिशत अंक हों।

इंजीनियरिंग स्ट्रीम के लिए मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, मरीन इंजीनियरिंग, प्रोडक्शन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेकाट्रॉनिक्स, मेटलर्जी, इंस्ट्रूमेंटेशन आदि विषयों में डिप्लोमा अनिवार्य है। वहीं इलेक्ट्रिकल स्ट्रीम के लिए इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्युनिकेशन, इंस्ट्रूमेंटेशन तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग जैसे विषयों में डिप्लोमा होना चाहिए।

अग्निवीर (अप्रेंटिस) 01/2027 बैच के लिए अभ्यर्थियों की जन्मतिथि 1 दिसंबर 2004 से 31 मई 2009 के बीच होनी चाहिए। वहीं 02/2027 बैच के लिए जन्मतिथि 1 मई 2005 से 31 अक्तूबर 2009 के बीच निर्धारित की गई है।

चार वर्षों में मिलेगा इतना वेतन

अग्निवीरों को पहले वर्ष में 30 हजार रुपये मासिक पैकेज मिलेगा, जिसमें 21 हजार रुपये हाथ में दिए जाएंगे और 9 हजार रुपये सेवा निधि कोष में जमा होंगे। सरकार भी समान राशि का योगदान करेगी।

दूसरे वर्ष में मासिक पैकेज 33 हजार रुपये, तीसरे वर्ष में 36,500 रुपये और चौथे वर्ष में 40 हजार रुपये होगा। चार वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर अभ्यर्थियों को लगभग 10.04 लाख रुपये की सेवा निधि प्राप्त होगी, जिसमें उनका और भारत सरकार का योगदान शामिल रहेगा।

चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में भारतीय नौसेना प्रवेश परीक्षा (INET 2/2026) आयोजित की जाएगी। इसके आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PFT), लिखित परीक्षा तथा भर्ती चिकित्सा परीक्षण शामिल होंगे।

सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों की राज्यवार मेरिट सूची तैयार की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों को आईएनएस चिल्का में रिपोर्ट करना होगा, जहां उनकी अंतिम चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन: 5 जून से 29 जून 2026
  • आवेदन सुधार विंडो: 6 जुलाई 2026
  • INET 2/2026 परीक्षा: अगस्त 2026
  • परीक्षा परिणाम: अगस्त अंत/सितंबर 2026
  • 01/2027 बैच द्वितीय चरण: अक्तूबर 2026
  • 01/2027 बैच इंडक्शन: दिसंबर 2026
  • 02/2027 बैच द्वितीय चरण: मार्च 2027
  • 02/2027 बैच इंडक्शन: मई 2027

भारतीय नौसेना में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की सलाह दी गई है।