{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जामिया मिलिया इस्लामिया की RCA में फ्री UPSC कोचिंग, 100 सीटों के लिए आवेदन शुरू

 

New Delhi : जामिया मिल्लिया इस्लामिया की रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी (RCA) ने सिविल सेवा कोचिंग कार्यक्रम 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीखों का ऐलान कर दिया है। सिविल सेवा की तैयारी करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह बड़ी राहत भरी खबर है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 से 26 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल admission.jmi.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

इस कोचिंग कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त है और चयनित छात्रों को हॉस्टल सुविधा भी दी जाती है। यह अवसर खास तौर पर अल्पसंख्यक, एससी, एसटी और महिला अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे आर्थिक दबाव के बिना UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर सकें। 

6 जून को होगी प्रवेश परीक्षा

RCA में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा 6 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश के 13 शहरों में आयोजित होगी, जिनमें दिल्ली, जयपुर, श्रीनगर, जम्मू, हैदराबाद, गुवाहाटी, मुंबई, पटना, कोलकाता, लखनऊ, बेंगलुरु, कालीकट और रांची शामिल हैं। इससे दूर-दराज के छात्रों को भी परीक्षा देने में सुविधा मिलेगी।

जरूरी तारीखें (एक नजर में)

- आवेदन शुरू: 1 अप्रैल 2026

- आवेदन की अंतिम तिथि: 26 मई 2026

- सुधार विंडो: 29–30 मई 2026

- प्रवेश परीक्षा: 6 जून 2026

- लिखित परीक्षा परिणाम (संभावित): 10 जुलाई 2026

- इंटरव्यू (संभावित): 16–31 जुलाई 2026

- अंतिम परिणाम (संभावित): 7 अगस्त 2026

- प्रवेश की अंतिम तिथि: 18 अगस्त 2026

- वेटिंग लिस्ट पंजीकरण: 21 अगस्त 2026

- वेटिंग लिस्ट प्रवेश: 25 अगस्त 2026

- क्लास शुरू (संभावित): 1 सितंबर 2026

परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया

लिखित परीक्षा UPSC पैटर्न पर आधारित होगी और इसमें दो पेपर होंगे—

- जनरल स्टडीज (वस्तुनिष्ठ)

- निबंध लेखन

पहले पेपर में 60 प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा और गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। इसमें CSAT जैसे प्रश्न भी शामिल रहेंगे। दूसरा पेपर निबंध का होगा, जिसमें दो निबंध लिखने होंगे और कुल 60 अंक निर्धारित होंगे। परीक्षा की कुल अवधि तीन घंटे होगी।

खास बात यह है कि पहले पेपर के आधार पर चुने गए 900 अभ्यर्थियों की ही निबंध कॉपियां जांची जाएंगी। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को ऑफलाइन इंटरव्यू (30 अंक) के लिए बुलाया जाएगा।

कुल 100 सीटें उपलब्ध

इस कार्यक्रम के तहत कुल 100 सीटें उपलब्ध हैं। चयनित छात्रों के लिए हॉस्टल में रहना अनिवार्य होगा। अकादमी में 24 घंटे एयर-कंडीशंड लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे छात्र बिना किसी बाधा के पढ़ाई कर सकें।