JEE Advanced 2026 Result: शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर, 56,880 अभ्यर्थी सफल
नई दिल्ली। जेईई (एडवांस्ड) 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 56,880 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है, जिनमें 10,107 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) में प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
उम्मीदवार अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर, जन्म तिथि और पंजीकृत मोबाइल नंबर की सहायता से लॉग इन कर डाउनलोड कर सकते हैं। जारी किए गए स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, क्वालिफाई करने की स्थिति, ऑल इंडिया रैंक (AIR), विषयवार अंक, कुल प्राप्त अंक, श्रेणीवार रैंक और कटऑफ संबंधी जानकारी उपलब्ध होगी।
इस वर्ष आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में पहला स्थान हासिल किया है। शुभम ने 360 में से 330 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, कबीर छिल्लर 329 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जतिन चाहर ने 319 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। खास बात यह है कि इस वर्ष के टॉप-3 रैंक धारक सभी आईआईटी दिल्ली जोन से हैं।
परिणाम जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों के लिए अब JoSAA काउंसलिंग प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। काउंसलिंग के माध्यम से उम्मीदवारों को उनकी रैंक और पसंद के आधार पर विभिन्न IITs, NITs और अन्य तकनीकी संस्थानों में सीट आवंटित की जाएगी।