{"vars":{"id": "130921:5012"}}

InnoHack 3.0 में माइक्रोटेक कॅालेज का जलवा, Arogya Warriors बनी सेकेंड रनर-अप

 

वाराणसी। माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के संकट मोचन परिसर में आयोजित इनोहैक 3.0 – आईटी हैकाथॉन 2026 में कॉलेज की टीम आरोग्य वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय रनर-अप का स्थान हासिल किया। 18 सितंबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अपने तकनीकी समाधान और कार्यशील प्रारूप प्रस्तुत किए।



आरोग्य वॉरियर्स ने प्रतियोगिता में ‘स्वास्थ्यसेतु’ नाम से एक healthcare solution पेश किया। इस प्लेटफॉर्म का मकसद ग्रामीण और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और इलाज की प्रक्रिया को लगातार बनाए रखने में मदद करना है। टीम ने अपने समाधान में स्मार्ट सुविधा अनुशंसा, डिजिटल प्रारंभिक जांच, सहायक दूरस्थ चिकित्सकीय परामर्श, मरीज रेफरल की निगरानी, दवाओं और जांच सुविधाओं की उपलब्धता, इलाज के बाद निगरानी और छूटी हुई स्वास्थ्य सेवाओं की पहचान जैसी सुविधाओं को एक ही मंच पर जोड़ा है।

टीम के मुताबिक, इस समाधान को केवल तकनीकी स्तर पर तैयार करने के बजाय जमीनी जरूरतों को समझने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके लिए टीम ने healthcare professionals से बातचीत और रिसर्च की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों को समझकर उनका तकनीकी समाधान तैयार किया जा सके।



आरोग्य वॉरियर्स टीम में दर्शना दुबे (टीम लीडर), शिवम दुबे, दीपिका यादव, अदिति यादव, रिदम सिंह और रणबीर प्रताप सिंह भाटिया शामिल हैं। टीम के मार्गदर्शक सहायक प्रोफेसर आशुतोष दुबे हैं।

प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में स्वयम सेतु ने प्रथम स्थान, नेक्सस ने प्रथम रनर-अप और आरोग्य वॉरियर्स ने द्वितीय रनर-अप का स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।