NEET UG 2026: आज बंद होगा आवेदन लिंक, जल्द करें अप्लाई
नई दिल्ली: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (NEET UG 2026) के लिए आवेदन करने की आज यानी 11 मार्च आखिरी तारीख है। जिन छात्रों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आज रात 9 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को रात 11 बजकर 50 मिनट तक का समय दिया गया है।
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर किया जा सकता है। तय समय के बाद आवेदन लिंक निष्क्रिय कर दिया जाएगा।
घर बैठे भर सकते हैं फॉर्म
छात्र घर बैठे स्वयं ही ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और मांगी गई जानकारी भरकर फॉर्म पूरा करना होगा। अंत में कैटेगरी के अनुसार निर्धारित फीस जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी है।
आवेदन शुल्क
NEET UG 2026 के लिए आवेदन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
- जनरल कैटेगरी: 1700 रुपये
- जनरल ईडब्ल्यूएस / ओबीसी (एनसीएल): 1600 रुपये
- एससी / एसटी / पीडब्ल्यूबीडी / थर्ड जेंडर: 1000 रुपये
- भारत के बाहर परीक्षा केंद्र के लिए: 9500 रुपये
करेक्शन विंडो की तारीख बाद में घोषित होगी
पहले आवेदन में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 10 से 12 मार्च तक खुलने वाली थी, लेकिन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के कारण अब करेक्शन विंडो की नई तारीखें बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। निर्धारित तिथियों के दौरान अभ्यर्थी अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे।
योग्यता
NEET UG परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र का 12वीं कक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (PCB) विषय होना आवश्यक है या वह इन विषयों के साथ 12वीं में अध्ययनरत होना चाहिए। परीक्षा में बैठने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 17 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु की कोई सीमा नहीं है।