{"vars":{"id": "130921:5012"}}

NEET UG 2026: MCC ने जारी किया राउंड-2 काउंसलिंग शेड्यूल, जानें कब से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन

 

NEET UG 2026: नीट यूजी काउंसलिंग में शामिल मेडिकल छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG 2026 राउंड-2 काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों को पहले राउंड में सीट नहीं मिल पाई है या जो अपनी मौजूदा सीट से बेहतर कॉलेज अथवा कोर्स हासिल करना चाहते हैं, वे राउंड-2 काउंसलिंग में हिस्सा ले सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 3 सितंबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवारों को तय समय के भीतर रजिस्ट्रेशन, फीस भुगतान और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

3 सितंबर से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन

MCC के शेड्यूल के मुताबिक, राउंड-2 के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान 3 से 8 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। वहीं, उम्मीदवार 3 से 9 सितंबर तक अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और कोर्स की च्वाइस भरकर उसे लॉक कर सकेंगे।

इसके बाद सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 9 और 10 सितंबर को पूरी की जाएगी। राउंड-2 सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट 11 सितंबर 2026 को जारी किया जाएगा।

जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित कॉलेज या संस्थान में रिपोर्ट कर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद 19 सितंबर को ज्वाइन करने वाले उम्मीदवारों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।

च्वाइस फिलिंग में जल्दबाजी न करें

राजउंड-2 में च्वाइस भरने से पहले उम्मीदवारों को उपलब्ध सीट मैट्रिक्स जरूर देख लेनी चाहिए। कॉलेज और कोर्स का चयन अपनी प्राथमिकता, रैंक और उपलब्ध सीटों को ध्यान में रखकर करें।

च्वाइस फिलिंग के बाद उसे निर्धारित समय के भीतर लॉक करना जरूरी होगा। अगर उम्मीदवार समय पर च्वाइस लॉक नहीं करते हैं, तो विंडो बंद होने के बाद उनकी भरी हुई च्वाइस ऑटो-लॉक हो सकती हैं। अंतिम समय सीमा समाप्त होने के बाद च्वाइस में बदलाव या उनकी प्राथमिकता का क्रम बदलने का अवसर नहीं मिलेगा।

इन आधारों पर होगा सीट अलॉटमेंट

राउंड-2 में सीट का आवंटन उम्मीदवार की ओर से भरी गई च्वाइस, उपलब्ध सीटों और काउंसलिंग के निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा। सीट मिलने के बाद उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर संबंधित कॉलेज पहुंचना होगा और जरूरी दस्तावेजों का वेरिफिकेशन कराकर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

उम्मीदवारों के लिए सलाह: काउंसलिंग से जुड़ी हर तारीख और निर्देश को ध्यान से पढ़ें और अंतिम समय का इंतजार किए बिना रजिस्ट्रेशन व च्वाइस फिलिंग पूरी कर लें।