NEET UG Re-Exam 2026: दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए स्क्राइब पोर्टल खुला, 12 जून तक भरें विवरण
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले दिव्यांग (PwD) और बेंचमार्क दिव्यांगता (PwBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए स्क्राइब (लेखन सहायक) से जुड़ी जानकारी दर्ज करने हेतु ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय कर दिया है। उम्मीदवार 12 जून 2026 की रात 11:50 बजे तक अपने स्क्राइब का विवरण ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
एनटीए के अनुसार, NEET UG पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। ऐसे में पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर लॉगिन कर आवश्यक जानकारी दर्ज करने की सलाह दी गई है।
इस बीच, पुनर्परीक्षा के लिए परीक्षा शहर सूचना पर्ची (Exam City Slip) पहले ही जारी की जा चुकी है। अब जल्द ही अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी जारी किए जाने की संभावना है।
ऐसे दर्ज करें स्क्राइब की जानकारी
* आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
* अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड से लॉगिन करें।
* होमपेज पर उपलब्ध "Register Scribe Details" विकल्प पर क्लिक करें।
* स्क्राइब का विकल्प चुनकर आवश्यक जानकारी भरें।
* जानकारी जमा करने के बाद "View Application Form" के माध्यम से उसका सत्यापन करें।
* अंतिम कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
संसद की स्थायी समिति भी रख रही नजर
NEET UG पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर संसद की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी स्थायी समिति भी सक्रिय हो गई है। समिति ने 21 जून को होने वाली परीक्षा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए शिक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, NTA और NMC के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया है।
एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा से जुड़े ताजा अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइटों पर नजर बनाए रखने की अपील की है।