UP TET, TGT और PGT एग्जाम की नई तारीखें जारी, जानें कब होगी कौन-सी परीक्षा
उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विभिन्न लंबित शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की तिथियों का ऐलान कर दिया है। यह फैसला मंगलवार को प्रयागराज में हुई आयोग की अहम बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने की। लंबे समय से तारीखों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में इस घोषणा के बाद उत्साह देखा जा रहा है।
18–19 अप्रैल को होगी असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2022 की सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा उच्च शिक्षा विभाग के तहत डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए होगी। इस भर्ती प्रक्रिया के लंबे समय से अटके होने के कारण अभ्यर्थी परेशान थे, ऐसे में परीक्षा तिथि तय होना बड़ी राहत माना जा रहा है।
मई में पीजीटी, जून में टीजीटी परीक्षा
आयोग के अनुसार प्रवक्ता यानी पीजीटी भर्ती परीक्षा 9 और 10 मई को कराई जाएगी। यह परीक्षा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पदों के लिए होगी। वहीं प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा 3 और 4 जून को आयोजित की जाएगी। टीजीटी परीक्षा के जरिए हाईस्कूल स्तर पर विभिन्न विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति की जाती है।
जुलाई में होगा यूपी टेट
इसके अलावा उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट) 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की जाएगी। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर शिक्षक बनने के लिए यूपी टेट पास करना अनिवार्य होता है। हर साल इसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल होते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और तय नियमों के अनुसार कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक पहलुओं पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई है। आयोग का उद्देश्य है कि तय समय पर परीक्षाएं कराकर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जा सके।