{"vars":{"id": "130921:5012"}}

SSC GD Constable Exam 2026: प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा 31 मई को, एडमिट कार्ड जारी
 

 

प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) मध्य क्षेत्र ने SSC GD Constable Exam 2026 में तकनीकी व्यवधान और परीक्षा प्रभावित होने के मामले में बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने प्रभावित और संदिग्ध माने गए कुल 4162 अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी है। अब इन अभ्यर्थियों की परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी।

एसएससी ने पुनर्परीक्षा के लिए नए प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल होना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा। यदि कोई अभ्यर्थी 31 मई को आयोजित परीक्षा में शामिल नहीं होता है, तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा।

वहीं प्रयागराज के आइटेक जोन परीक्षा केंद्र से प्रभावित 4911 अभ्यर्थियों की परीक्षा 29, 30 और 31 मई को कराई जाएगी। इसके लिए छह नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा तीन शिफ्टों में आयोजित होगी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

दरअसल, 25 मई को प्रयागराज के आइटेक जोन केंद्र पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। इसके बाद 26 मई को भी तकनीकी समस्या सामने आने पर दोबारा बवाल हुआ। स्थिति को देखते हुए एसएससी ने 26 मई की परीक्षा निरस्त कर दी थी और 27 मई की परीक्षा स्थगित कर दी थी। बाद में 29 और 30 मई को प्रस्तावित परीक्षाएं भी रोक दी गई थीं।

अब आयोग ने नई व्यवस्था के तहत 29, 30 और 31 मई को अन्य परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।