SSC GD Result 2026: एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1.97 लाख अभ्यर्थी सफल; ऐसे चेक करें परिणाम
नई दिल्ली। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कांस्टेबल जनरल ड्यूटी (GD) भर्ती परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में प्रदर्शन के आधार पर कुल 1,97,033 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए योग्य घोषित किया गया है।
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों में 15,782 महिलाएं और 1,81,251 पुरुष शामिल हैं। अब चयनित उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
21.56 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती 2026 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 27 अप्रैल से 30 मई 2026 तक आयोजित की गई थी। आयोग के अनुसार, इस परीक्षा में कुल 21,56,776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 1,97,033 उम्मीदवारों ने अगले चरण के लिए योग्यता हासिल की है।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs), सचिवालय सुरक्षा बल (SSF) और असम राइफल्स में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और असम राइफल्स (AR) शामिल हैं।
कैटेगरी के अनुसार न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक निर्धारित
कर्मचारी चयन आयोग ने भर्ती परीक्षा के नोटिस के पैरा 14.2 के तहत विभिन्न श्रेणियों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक निर्धारित किए हैं। इसके अनुसार, अनारक्षित वर्ग (UR) के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत और ओबीसी (OBC) व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए 25 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
हालांकि, केवल न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक प्राप्त करने से उम्मीदवार का अगले चरण में चयन सुनिश्चित नहीं होगा। इसके लिए आयोग की ओर से निर्धारित श्रेणीवार कटऑफ और अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करना भी आवश्यक है। इन न्यूनतम अंकों में एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को दिए जाने वाले बोनस अंक शामिल नहीं हैं।
अब PET और PST की होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) में शामिल होना होगा। इस चरण में उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता और निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया के अन्य चरण पूरे किए जाएंगे।
ऐसे चेक करें SSC GD Result 2026
1. सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
2. होमपेज पर उपलब्ध 'Result' सेक्शन खोलें।
3. SSC GD Constable Result 2026 से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
4. रिजल्ट की पीडीएफ डाउनलोड करें।
5. पीडीएफ में अपना रोल नंबर सर्च कर परिणाम देखें।
6. भविष्य के लिए रिजल्ट की कॉपी सुरक्षित रख लें।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे PET/PST की तारीखों, प्रवेश पत्र और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अन्य सूचनाओं के लिए कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।