SSC Stenographer Recruitment 2026: 1170 पदों पर भर्ती, रिक्तियों का पूरा विवरण जारी
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ और ग्रेड ‘डी’ परीक्षा-2026 के लिए विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारी कार्यालयों में रिक्तियों का विस्तृत विवरण जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1170 पद भरे जाएंगे, जिनमें 1021 पद ग्रेड ‘डी’ तथा 149 पद ग्रेड ‘सी’ के लिए निर्धारित हैं।
आयोग के अनुसार ग्रेड ‘डी’ के 1021 पदों में सबसे अधिक 249 रिक्तियां वित्त मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) में हैं। इसके बाद कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) में 118, दूरसंचार विभाग में 103, नौसेना मुख्यालय के नागरिक जनशक्ति एवं योजना निदेशालय में 74, राजस्व विभाग में 73 तथा खुफिया ब्यूरो में 66 पद शामिल हैं। सीमा सड़क संगठन में भी 60 पदों पर भर्ती की जाएगी।
ग्रेड ‘सी’ के 149 पदों में सबसे अधिक 46 रिक्तियां गृह मंत्रालय के अंतर्गत इंटेलिजेंस ब्यूरो में हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग में 39, विदेश मंत्रालय में 24 तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में 13 पद निर्धारित किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति केंद्रीय जांच ब्यूरो, चुनाव आयोग, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, भारतीय तटरक्षक बल, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, प्रवर्तन निदेशालय, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, केंद्रीय सतर्कता आयोग समेत कई अन्य केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में की जाएगी।
वर्गवार आंकड़ों के अनुसार ग्रेड ‘डी’ में सामान्य वर्ग के लिए 468, ओबीसी के 233, एससी के 133, ईडब्ल्यूएस के 109 तथा एसटी के 78 पद आरक्षित हैं। वहीं ग्रेड ‘सी’ में सामान्य वर्ग के 91, ओबीसी के 24, एससी के 20, ईडब्ल्यूएस के 11 और एसटी के 3 पद शामिल हैं।