{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM E-विद्या पर एक मंच पर मिलेगी पढ़ाई से जुड़ी सामग्री, छात्रों और शिक्षकों को होगा फायदा
 

 

लखनऊ। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में तकनीक के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल सामग्री को सहज, सुलभ और प्रभावी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में पीएम ई-विद्या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छात्रों और शिक्षकों को पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री एक ही मंच पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने बताया कि पीएम ई-विद्या के माध्यम से डिजिटल लर्निंग को व्यापक स्तर पर छात्रों तक पहुंचाने और उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल संसाधनों की आसान उपलब्धता से छात्रों के सीखने के अवसरों का विस्तार होगा। एक ही मंच पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से डिजिटल शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

इस पहल का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को पढ़ाई से संबंधित उपयोगी डिजिटल सामग्री तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है, ताकि तकनीक के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर किया जा सके।