UP में 60 हजार शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ, ई-अधियाचन पोर्टल हुआ एक्टिव
Lucknow : उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) का ई-अधियाचन पोर्टल सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 60 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को निर्देश जारी कर रिक्त पदों का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड करने को कहा है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, भर्ती से संबंधित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार प्रदेश में करीब 60 हजार शिक्षक पद रिक्त हैं। इनमें 11,508 पद शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में जबकि लगभग 48 हजार पद ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में खाली हैं। शहरी क्षेत्रों के पदों की जानकारी पहले ही आयोग को भेजी जा चुकी है, वहीं अब ग्रामीण क्षेत्रों के रिक्त पदों का विवरण भी पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की भर्ती लंबे समय बाद होने जा रही है।
आयु सीमा में मिलेगी छूट
प्रस्तावित भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष रखी गई है। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी ओबीसी, एससी, एसटी तथा महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
ऐसा हो सकता है परीक्षा पैटर्न
सूत्रों के अनुसार इस बार भर्ती परीक्षा वस्तुनिष्ठ (MCQ) आधारित हो सकती है। प्रश्नों के चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें से सही उत्तर का चयन करना होगा। परीक्षा की अवधि लगभग दो घंटे रहने की संभावना है। भर्ती परीक्षा सितंबर 2026 तक आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अंतिम निर्णय आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पारदर्शी होगी भर्ती प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए ई-अधियाचन पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से सभी रिक्त पदों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे पदों की वास्तविक संख्या और स्थिति स्पष्ट रहेगी तथा भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना कम होगी।