{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP को-ऑपरेटिव बैंक भर्ती परीक्षा स्थगित, 20 से 22 जुलाई को होना था एग्जाम; नई तारीख जल्द होगी घोषित
 

 

नई दिल्ली। यूपी को-ऑपरेटिव बैंक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल ने भर्ती परीक्षा स्थगित करने का नोटिफिकेशन जारी किया है। हालांकि, परीक्षा स्थगित करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।

पहले जारी अधिसूचना के अनुसार यूपी को-ऑपरेटिव बैंक भर्ती परीक्षा का आयोजन 20, 21 और 22 जुलाई 2026 को किया जाना था। अब इन तारीखों पर परीक्षा आयोजित नहीं होगी। सेवा मंडल की ओर से अभी परीक्षा की नई तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।

आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, परीक्षा की नई तारीख की जानकारी यथासमय आधिकारिक वेबसाइट upcisb.upsdc.gov.in पर जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।

भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से कुछ दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल और मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भी जानकारी दी जाएगी।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद भर्ती से संबंधित एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक कर लॉगिन डिटेल दर्ज करनी होगी। सबमिट करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर खुल जाएगा, जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकाला जा सकेगा।

इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 116 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें मैनेजर के 7 पद, जूनियर मैनेजर के 45 पद, असिस्टेंट/कैशियर (बैंकिंग असिस्टेंट/क्लेरिकल स्टाफ) के 57 पद, असिस्टेंट/टाइपिस्ट के 2 पद और असिस्टेंट इंजीनियर (AE Civil) के 5 पद शामिल हैं।

उम्मीदवारों का चयन प्रीलिम्स और मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन जरूरत पड़ने पर ही किया जाएगा। प्रीलिम्स में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। वहीं, मुख्य परीक्षा में 120 प्रश्न होंगे और पूर्णांक 200 अंक निर्धारित किए गए हैं।