UP PGT भर्ती परीक्षा 9-10 मई को, एडमिट कार्ड जारी; 17 जिलों में 4.6 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPSESSB) ने यूपी पीजीटी (प्रवक्ता) भर्ती परीक्षा 2026 के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग द्वारा परीक्षा का आयोजन 9 और 10 मई को राज्य के 17 जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 4,64,605 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
ऐसे करें एडमिट कार्ड डाउनलोड
अभ्यर्थी सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होमपेज पर “PGT Admit Card” लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद परीक्षा शहर का चयन करें।
फिर आवेदन संख्या या मोबाइल नंबर, पिता का नाम और जन्मतिथि दर्ज करें।
सिक्योरिटी कोड भरकर सबमिट करें।
स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
परीक्षा दो दिनों में दो-दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।
9 मई 2026 (पहला दिन)
पहली शिफ्ट: फिजिक्स, बायोलॉजी, होम साइंस, हिस्ट्री, एजुकेशन
दूसरी शिफ्ट: इंग्लिश, एग्रीकल्चर, कॉमर्स, सोशोलॉजी
10 मई 2026 (दूसरा दिन)
पहली शिफ्ट: सिविक्स, मैथमेटिक्स, इकोनॉमिक्स, संस्कृत, साइकोलॉजी
दूसरी शिफ्ट: केमिस्ट्री, भूगोल, हिंदी, आर्ट्स
17 जिलों में परीक्षा केंद्र
परीक्षा का आयोजन आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, बांदा, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मीरजापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और वाराणसी सहित कुल 17 जिलों के 319 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र लाने के निर्देश दिए हैं।