UP RO-ARO फाइनल रिजल्ट 2023 जारी, 419 अभ्यर्थी सफल, अनिल पांडेय बने टॉपर
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने आरओ-एआरओ भर्ती 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर मेरिट लिस्ट के रूप में परिणाम घोषित किया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर या डायरेक्ट पीडीएफ लिंक के माध्यम से अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 419 रिक्त पदों के सापेक्ष 419 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें समीक्षा अधिकारी (RO) के 338 पद और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) के 81 पद शामिल हैं।
जारी मेरिट लिस्ट में सफल अभ्यर्थियों के नाम, रोल नंबर और श्रेणी का विवरण दिया गया है। उम्मीदवार अपने नाम या रोल नंबर के आधार पर आसानी से परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा, होम पेज के ‘व्हाट्स न्यू’ सेक्शन में दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद पीडीएफ डाउनलोड कर उसमें अपना विवरण जांच सकते हैं।
इस परीक्षा में अनिल पांडेय ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। टॉप 10 में आदित्य प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा, नीलेश कुमार सिंह, सूरज नारायण मिश्रा, शिवांशु शर्मा, हृषु श्यामली, शिवम पचौरी, मंगल सिंह और शिवम शुक्ला जैसे नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि आरओ-एआरओ मुख्य परीक्षा 2 और 3 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें 5930 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। वहीं सहायक समीक्षा अधिकारी पद के लिए हिंदी टंकण परीक्षा 16 से 19 फरवरी 2026 के बीच संपन्न हुई थी। अब सभी चरणों के बाद आयोग ने अंतिम चयन सूची जारी कर दी है।