{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP-TET 2026 का विज्ञापन जारी: 27 मार्च से आवेदन शुरू, परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार यह विज्ञापन 25 मार्च 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 मार्च 2026 से शुरू होने वाली ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) व्यवस्था लागू की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सबसे पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी, इसके बाद ही वे यूपी-टीईटी 2026 के लिए आवेदन कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि विस्तृत विज्ञापन, दिशा-निर्देश और सूचना पुस्तिका आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सभी निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और निर्धारित अर्हता पूरी करने के बाद ही आवेदन करें। यह परीक्षा प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के लिए आयोजित की जाएगी।

यूपी-टीईटी 2026: प्रमुख तिथियां

* ऑनलाइन पंजीकरण एवं शुल्क जमा प्रारंभ: 27 मार्च 2026
* आवेदन एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 26 अप्रैल 2026
* आवेदन में संशोधन / शुल्क समाधान की अंतिम तिथि: 1 मई 2026
* परीक्षा तिथि: 2, 3 और 4 जुलाई 2026

यह परीक्षा प्रदेश में शिक्षक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जाती है और हर वर्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं।