UPPSC TGT Result 2026: सोशल साइंस का रिजल्ट जारी, 9242 अभ्यर्थी मेन्स के लिए क्वालिफाई
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक (TGT) परीक्षा 2025 के तहत सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम घोषित कर दिया है। प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर चयनित उम्मीदवारों की रोल नंबर सूची (PDF) डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग इससे पहले अन्य विषयों के परिणाम भी जारी कर चुका है और अब सभी विषयों के परिणाम क्रमवार जारी किए जा रहे हैं।
17 जनवरी को हुई थी परीक्षा
सामाजिक विज्ञान विषय की प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया में पुरुष वर्ग के 561 पद, महिला वर्ग के 140 पद और दिव्यांगजन श्रेणी के अंतर्गत 2 विशेष शिक्षक पद शामिल हैं। परीक्षा के लिए कुल 2,09,572 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1,20,302 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर कुल 9,242 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। आयोग के अनुसार, कुछ श्रेणियों में न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या कम होने के कारण 15 गुना उम्मीदवारों का चयन संभव नहीं हो पाया।
मुख्य परीक्षा के लिए करना होगा आवेदन
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए आयोग जल्द ही अलग से विस्तृत नोटिस जारी करेगा। अभ्यर्थियों के अंक और कटऑफ की जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद ही उपलब्ध कराई जाएगी। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस संबंध में RTI के तहत कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महिला अभ्यर्थियों का परिणाम कोर्ट के फैसले पर निर्भर
आयोग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल अंतिम नहीं माना जाएगा। यह मामला हाई कोर्ट में लंबित है और अंतिम निर्णय के बाद ही इन अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट होगी।
ऐसे करें रिजल्ट चेक
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर “What’s New” या “Results” सेक्शन पर क्लिक करें।
- “सहायक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक (TGT) परीक्षा 2025 - सामाजिक विज्ञान” लिंक खोलें।
- PDF फाइल खुलने के बाद Ctrl + F दबाकर अपना रोल नंबर सर्च करें।
- चयनित होने पर PDF डाउनलोड कर सुरक्षित रखें और प्रिंटआउट निकाल लें।