{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UPTET 2026: 13.30 लाख अभ्यर्थी हुए सफल, प्रमाण-पत्र जारी, ऐसे करें डाउनलोड

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने परीक्षा में सफल घोषित सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करके प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि UPTET-2026 की लिखित परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रदेश के 60 जिलों में कुल 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा कुल पांच पालियों में हुई थी, जिसमें उच्च प्राथमिक स्तर की तीन और प्राथमिक स्तर की दो पालियां शामिल थीं।

प्राथमिक स्तर पर 80.07 फीसदी अभ्यर्थी सफल

UPTET-2026 का परिणाम 26 अगस्त 2026 को घोषित किया गया था। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से

5 तक की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इस तरह प्राथमिक स्तर पर सफलता का प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा।

वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की। उच्च प्राथमिक स्तर पर सफलता का प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा।

वेबसाइट से ऐसे डाउनलोड करें प्रमाण-पत्र

सफल अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के जरिए अपना प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।

आयोग ने यह भी बताया है कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रमाण-पत्र को डिजिलॉकर पर भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।

आयोग ने सफल अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने UPTET-2026 में सफल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा में सफलता शिक्षण क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

आयोग के मुताबिक, परीक्षा और प्रमाण-पत्र से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी, आसान और अभ्यर्थी हितैषी तरीके से समयबद्ध पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।