{"vars":{"id": "130921:5012"}}

NEET री-एग्जाम में क्या पहनें, क्या नहीं? NTA ने जारी किए सख्त निर्देश
 

 

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से NEET UG Re-Exam 2026 का आयोजन 21 जून को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। हालांकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 11 बजे से रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। वहीं, दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड से जुड़े नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश से रोका जा सकता है।

छात्रों के लिए ड्रेस कोड

छात्रों को परीक्षा के दिन आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट पहनकर आने की सलाह दी गई है। इसके साथ साधारण पैंट या ट्राउजर पहन सकते हैं, लेकिन कई चेन या अतिरिक्त पॉकेट वाली पैंट पहनने से बचना होगा। कपड़ों में किसी भी प्रकार के धातु (मेटल) के बटन नहीं होने चाहिए।

छात्राओं के लिए नियम

छात्राएं आधी बाजू की कुर्ती या टी-शर्ट पहन सकती हैं। यदि कोई छात्रा लंबी बाजू के कपड़े पहनना चाहती है, तो उसे जांच प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, क्योंकि ऐसे मामलों में सुरक्षा जांच में अधिक समय लग सकता है।

ज्वेलरी पहनने पर सख्त मनाही

परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की ज्वेलरी पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी सनग्लासेस, स्मार्ट वॉच, टोपी, हेयर बैंड, कड़ा, अंगूठी, ईयररिंग, नाक की लौंग, चेन, ब्रेसलेट समेत अन्य धातु से बनी वस्तुएं पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

जूते पहनकर नहीं दे सकेंगे परीक्षा

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी जूते पहनकर परीक्षा नहीं दे सकेंगे। परीक्षा के दिन केवल चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनने की अनुमति होगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की धातु से बनी वस्तु अपने साथ न लाएं।