14 साल की मेहनत लाई रंग, एक्ट्रेस यामी गौतम ‘Article 370’ के लिए मिला पहला नेशनल अवॉर्ड
भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में अभिनेत्री यामी गौतम ने अपने करियर की बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंगलवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यामी गौतम को फिल्म ‘Article 370’ में उनके शानदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया। यह यामी गौतम के फिल्मी करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है।
इस खास पल की गवाह यामी के पति और फिल्म निर्देशक आदित्य धर भी बने। समारोह में मौजूद आदित्य धर ने यामी का नाम पुरस्कार के लिए पुकारे जाने पर जमकर तालियां बजाईं। पत्नी की इस उपलब्धि पर उनके चेहरे पर गर्व साफ नजर आया।
ब्लैक साड़ी में दिखीं बेहद खूबसूरत
पुरस्कार समारोह के लिए यामी गौतम ने पारंपरिक अंदाज को चुना। वह ब्लैक साड़ी और गोल्डन बॉर्डर में बेहद खूबसूरत नजर आईं। जैसे ही मंच से उनके नाम की घोषणा हुई, यामी मंच पर पहुंचीं और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों अपना राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किया।
‘14 साल की मेहनत रंग लाई’
नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद यामी गौतम ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि हर सफर में एक ऐसा पल आता है, जो इंसान को याद दिलाता है कि उसने कभी हार क्यों नहीं मानी। उनके लिए यह सम्मान ऐसा ही पल है।
यामी ने अपने संदेश में कहा कि पिछले 14 वर्षों से उन्होंने अपने काम के प्रति ईमानदार रहने और अपनी अदाकारी को खुद बोलने देने की कोशिश की है। उन्होंने इस सम्मान को उम्मीद, दृढ़ता और सिनेमा के प्रति अपने प्यार से भरे सफर का परिणाम बताया।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि ‘Article 370’ उनके लिए महज एक फिल्म नहीं थी, बल्कि ऐसी कहानी थी जिस पर उन्हें गहरा विश्वास था। खास बात यह है कि यह फिल्म उनके पति आदित्य धर के बैनर की होम प्रोडक्शन फिल्म थी, इसलिए इस पुरस्कार का उनके लिए भावनात्मक महत्व और भी बढ़ जाता है।
पहली बार दिल्ली से बाहर हुआ नेशनल अवॉर्ड समारोह
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन इस बार राजधानी दिल्ली से बाहर गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में किया गया। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के इतिहास में यह पहली बार है, जब यह प्रतिष्ठित आयोजन दिल्ली से बाहर हुआ है।
‘Article 370’ में निभाया था इंटेलिजेंस ऑफिसर का किरदार
Article 370’ में यामी गौतम ने एक इंटेलिजेंस ऑफिसर की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सराहना मिली। अब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के साथ ही इस भूमिका ने यामी गौतम के करीब 14 साल लंबे फिल्मी सफर में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया है।