{"vars":{"id": "130921:5012"}}

'बॉर्डर 2' के बाद सनी देओल 'घातक 2' से Box Office पर मचाएंगे धमाल, सीक्वल को लेकर आया ये अपडेट

 

बॉर्डर 2 की शानदार सफलता के बाद सनी देओल इन दिनों हिमाचल प्रदेश के मनाली में सुकून के पल बिता रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट और स्टोरीज़ से साफ है कि वह इस कामयाबी को एंजॉय कर रहे हैं। इसी बीच सनी देओल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। 1996 की सुपरहिट फिल्म घातक का सीक्वल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है और इसके पीछे नाम है दिग्गज फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी का।

क्या ‘घातक 2’ से मचाएंगे सनी देओल धमाल?

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमार संतोषी के दिमाग में घातक 2 के लिए एक दमदार आइडिया आया है, जिसे उन्होंने सनी देओल के साथ साझा किया। सनी को यह कॉन्सेप्ट पसंद आया, जिसके बाद उन्होंने संतोषी को मनाली आने का न्योता दिया। रिपोर्ट के अनुसार, राजकुमार संतोषी 31 जनवरी को मनाली पहुंचकर सनी देओल को फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट सुनाएंगे।

सिर्फ सीक्वल के ट्रेंड के लिए नहीं लेंगे फैसला

सूत्रों के मुताबिक, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सनी देओल इस कहानी पर क्या फैसला लेते हैं। अगर उन्हें स्क्रिप्ट पसंद आती है, तभी तारीखों और अन्य पहलुओं पर बात आगे बढ़ेगी। सनी देओल इस बात को लेकर बिल्कुल साफ हैं कि वह सिर्फ गदर 2 और बॉर्डर 2 की ब्लॉकबस्टर सफलता के कारण अपनी पुरानी क्लासिक फिल्मों के सीक्वल साइन नहीं करेंगे। उनका मानना है कि कमजोर कहानी के साथ सीक्वल बनाना दर्शकों के साथ धोखा होगा। राजकुमार संतोषी भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

सनी-संतोषी की जोड़ी का हिट रिकॉर्ड

सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी पहले ही बॉलीवुड को तीन ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुकी है—घायल (1990), दामिनी (1993) और घातक (1996)। ये तीनों फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती हैं। खास बात यह है कि सनी देओल की आने वाली फिल्म लाहौर 1947 भी राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बन रही है, जिसे आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं।

इसके अलावा रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि राजकुमार संतोषी जाट 2 के लिए भी कमिटेड हैं। इसके पहले पार्ट जाट (2025) में भी सनी देओल अहम भूमिका में नजर आए थे।

अब फैंस की नजरें मनाली में होने वाली इस खास मुलाकात पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि घातक 2 सच में बड़े पर्दे पर लौटेगी या नहीं।