{"vars":{"id": "130921:5012"}}

धुरंधर 2 का रिलीज से पहले भौकाल, एडवांस बुकिंग 135 करोड़ पार, 24 घंटे चलेंगे शो
 

 

आदित्य धर के निर्देशन में बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म धुरंधर 2 रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग के मामले में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है और अब इसकी ओपनिंग को लेकर जबरदस्त उम्मीदें जताई जा रही हैं।

एडवांस बुकिंग में बना नया रिकॉर्ड

फिल्म के 18 मार्च को होने वाले पेड प्रीव्यू शो के लिए ही करीब 40.70 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है (ब्लॉक सीटों सहित)। वहीं 19 मार्च के ओपनिंग डे के लिए 17 मार्च दोपहर तक लगभग 30.75 करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके हैं। इस दौरान 15,000 से ज्यादा शोज में 6.70 लाख से अधिक टिकटों की बिक्री दर्ज की गई है।

अगर ब्लॉक बुकिंग को अलग कर दिया जाए, तो भी फिल्म करीब 22.39 करोड़ रुपये की मजबूत एडवांस कमाई कर चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलीज तक ये आंकड़े और तेजी से बढ़ सकते हैं।

ओवरसीज में भी जबरदस्त क्रेज

विदेशों में भी फिल्म का क्रेज देखने को मिल रहा है। वीकेंड के लिए ओवरसीज प्री-सेल्स करीब 65 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। कुल मिलाकर फिल्म की एडवांस बुकिंग 135 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है, जो इसे अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्मों में शामिल कर सकती है।

हिंदी वर्जन सबसे आगे

फिल्म का हिंदी वर्जन सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है और टिकट बिक्री का बड़ा हिस्सा इसी से आ रहा है। हालांकि तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में डब वर्जन भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे फिल्म की कुल कमाई में और इजाफा हो रहा है।

24 घंटे चलेंगे शो, बढ़ी डिमांड

फिल्म की भारी डिमांड को देखते हुए देशभर के कई सिनेमाघरों में 24 घंटे शो चलाने का फैसला लिया गया है। मुंबई, ठाणे और अहमदाबाद जैसे शहरों में देर रात और आधी रात के बाद भी शो रखे गए हैं। कई थिएटरों में शो सुबह तड़के से लेकर देर रात तक लगातार चलेंगे।

स्टार कास्ट और मेकिंग

धुरंधर 2 में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी विकास नौलखा ने की है, एडिटिंग शिवकुमार वी पणिक्कर ने और संगीत शाश्वत सचदेव ने दिया है।

स्पाई एक्शन जॉनर की इस फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले किया गया है।

फिल्म की रिकॉर्डतोड़ एडवांस बुकिंग और दर्शकों के जबरदस्त उत्साह को देखते हुए साफ है कि धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर बंपर ओपनिंग देने के लिए पूरी तरह तैयार है।