{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सीता बनकर 'लंका' जलाने निकलीं आलिया भट्ट, अल्फा ट्रेलर में दिखा जबरदस्त एक्शन
 

 

मुंबई। यशराज फिल्म्स (YRF) के बहुप्रतीक्षित स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्म 'अल्फा' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। करीब 2 मिनट 33 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर दमदार किरदारों में नजर आए हैं। वहीं ट्रेलर के अंत में ऋतिक रोशन की सरप्राइज एंट्री ने फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है।

ट्रेलर की शुरुआत आलिया भट्ट के बचपन के किरदार से होती है। एक बच्ची के नामकरण के दौरान बॉबी देओल कहते हैं कि उसकी मां का नाम जानकी था, इसलिए उसे 'सीता' बुलाया जाएगा। इसके बाद आलिया भट्ट की दमदार एंट्री होती है और वह एक कहानी सुनाती हैं, जिसमें एक राक्षस के अंत की बात कही जाती है। आलिया का संवाद, "इस बार सीता लंका खुद जलाने आई है", ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली हिस्सा बनकर उभरता है।

शुरुआत में ऐसा लगता है कि बॉबी देओल आलिया के पिता की भूमिका में हैं, लेकिन आगे कहानी में बड़ा ट्विस्ट सामने आता है। पता चलता है कि बॉबी देओल ने बचपन में आलिया का अपहरण कर उन्हें 'अल्फा' मिशन के लिए प्रशिक्षित किया था। ट्रेलर में बॉबी देओल एक खतरनाक विलेन के रूप में नजर आते हैं। उनका संवाद, "इंडिया ने अल्फा की कद्र नहीं की, अब इंडिया अल्फा से डरेगा", उनके किरदार की भयावहता को दर्शाता है।

फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी दोनों जबरदस्त एक्शन करती दिखाई देती हैं। आलिया कभी दोनों हाथों से बंदूक चलाती नजर आती हैं तो कभी बाइक पर स्टंट करती दिखती हैं। वहीं शरवरी भी अपने शानदार एक्शन सीक्वेंस से दर्शकों को प्रभावित करती हैं। ट्रेलर में अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देते हैं।

ट्रेलर का सबसे बड़ा आकर्षण आखिर में सामने आता है, जब YRF स्पाई यूनिवर्स के लोकप्रिय एजेंट कबीर यानी ऋतिक रोशन की झलक देखने को मिलती है। उनकी एंट्री ने साफ कर दिया है कि 'अल्फा' का कनेक्शन स्पाई यूनिवर्स की अन्य फिल्मों से भी जुड़ा होगा।

निर्देशक शिव रवैल के निर्देशन में बनी यह फिल्म YRF स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। खास बात यह है कि यह यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित स्पाई फिल्म होगी। एक्शन, सस्पेंस और रोमांच से भरपूर 'अल्फा' 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।