ऋषिकेश में डर के मारे अमिताभ बच्चन गाने लगे थे ‘हे गंगा मैया’ आरती, 'बिग बी' ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया और अपने शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ को लेकर लगातार चर्चा में बने रहते हैं। शो में वे अक्सर अपनी जिंदगी या फिल्मों से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा करते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। ताज़ा प्रोमो में बिग बी ने अपनी फिल्म ‘गंगा की सौगंध’ की शूटिंग के दौरान घटी एक रोमांचक घटना का जिक्र किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
घोड़े पर बैठ गंगा पार करते समय डर गए थे अमिताभ
अपकमिंग एपिसोड के प्रोमो में दिखाया गया है कि इस बार ‘केबीसी 17’ की हॉट सीट पर कॉमेडियन सुदेश लहरी और कीकू शारदा नज़र आएंगे। बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने बताया कि ऋषिकेश में फिल्म ‘गंगा की सौगंध’ की शूटिंग के समय उन्हें एक ज़बरदस्त डर का सामना करना पड़ा।
अमिताभ बच्चन ने कहा, "ऋषिकेश में एक सीन था। डायरेक्टर ने कहा कि घोड़े पर बैठकर पुल पार करना है। मैंने नीचे देखा तो गंगा मैया का बहाव… और मेरे मन में बार-बार आ रहा था, ‘हे गंगा मैया… मैं आरती उतारूं रे…’ इतना डर लगा कि अचानक मैंने घोड़े को एक लात मारी और वो तेज़ी से दौड़ता हुआ दूसरी तरफ निकल गया। मैं किसी तरह बच गया।” उनके इस मज़ेदार किस्से पर सुदेश और कीकू भी ठहाके लगाते नज़र आते हैं।
महिला वर्ल्ड चैंपियंस के नाम होगा केबीसी का खास एपिसोड
इस बार ‘केबीसी 17’ का एपिसोड और खास होने वाला है। शो में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कई खिलाड़ियों की मौजूदगी देखने को मिलेगी। इस खास एपिसोड में शामिल होंगी—
-
कप्तान हरमनप्रीत कौर
-
हरलीन देओल
-
ऋचा घोष
-
शैफाली वर्मा
-
दीप्ति शर्मा
-
स्नेह राणा
-
टीम के कोच अमोल मजूमदार
ये खिलाड़ी शो में आकर अपनी क्रिकेट जर्नी, संघर्ष और उपलब्धियों पर बात करेंगी।
स्मृति मंधाना शो में क्यों नहीं दिखेंगी?
भारतीय टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना इस एपिसोड का हिस्सा नहीं होंगी। उनकी निजी जिंदगी को लेकर हाल ही में काफी खबरें चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि वे पलाश मुच्छल से शादी करने वाली थीं, लेकिन उनके पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण शादी टालनी पड़ी। बाद में पलाश के कथित तौर पर धोखा देने की खबरें सामने आईं। हालांकि, इस पर दोनों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।