अरशद वारसी की Asur 3 में हुई नई एक्ट्रेस की एंट्री, जानिए कब शुरु होगी साइकोलॉजिकल थ्रिलर वेब सिरीज की शूटिंग ?
Asur 3 update: साइकोलॉजिकल थ्रिलर वेब सीरीज ‘असुर’ के फैंस के लिए तीसरे सीजन से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। दो सफल सीजन के बाद अब ‘असुर 3’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। सीरीज में श्वेता बसु प्रसाद की एंट्री होने जा रही है, जबकि अरशद वारसी और बरुन सोबती अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे सीजन की शूटिंग सितंबर से शुरू होने की तैयारी है।
‘असुर 3’ में श्वेता बसु प्रसाद की एंट्री
‘असुर’ फ्रैंचाइजी में धनंजय राजपूत और निखिल नायर के किरदार पहले ही दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं। अब तीसरे सीजन में श्वेता बसु प्रसाद की एंट्री कहानी में नया ट्विस्ट ला सकती है।
हालांकि, श्वेता बसु प्रसाद किस किरदार में नजर आएंगी, इसे लेकर मेकर्स ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। ऐसे में उनके किरदार को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। माना जा रहा है कि उनकी एंट्री सीजन 3 की कहानी को एक नए मोड़ तक ले जा सकती है।
सितंबर से शुरू हो सकती है शूटिंग
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘असुर 3’ की शूटिंग सितंबर में शुरू होने वाली है। मेकर्स तीसरे सीजन के जरिए कहानी को एक नए चैप्टर में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
सीरीज के तीसरे सीजन में भी अरशद वारसी और बरुन सोबती मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। दोनों कलाकार पहले सीजन से ही ‘असुर’ की कहानी का अहम हिस्सा रहे हैं और उनके किरदारों की वापसी ने नए सीजन को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
गौरव शुक्ला करेंगे डायरेक्शन में डेब्यू
‘असुर 3’ में कैमरे के पीछे भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सीरीज के लेखक और क्रिएटर गौरव शुक्ला इस बार निर्देशन की कमान संभालेंगे। ‘असुर’ से लंबे समय से जुड़े गौरव शुक्ला सीजन 3 के साथ डायरेक्टर के तौर पर अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं।
पहले दोनों सीजन का निर्देशन ओनी सेन ने किया था, जबकि गौरव शुक्ला लेखक और क्रिएटर के तौर पर सीरीज से जुड़े रहे। तीसरे सीजन में गौरव शुक्ला डायरेक्टर के साथ-साथ प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभाएंगे।
क्या है ‘असुर’ की कहानी?
‘असुर’ की कहानी CBI के फोरेंसिक एक्सपर्ट निखिल नायर और उनके पुराने मेंटर धनंजय ‘DJ’ राजपूत के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों एक खतरनाक और बेरहम सीरियल किलर का पीछा करते हैं, जिसकी सोच फोरेंसिक साइंस को प्राचीन भारतीय पौराणिक कथाओं से जोड़ती है।
जांच आगे बढ़ने के साथ कहानी में हत्या, मनोविज्ञान, विज्ञान और पौराणिक मान्यताओं का ऐसा मेल सामने आता है, जो दर्शकों को लगातार सस्पेंस में रखता है। सीरीज का कातिल एक नए और अंधेरे दौर की शुरुआत करने के मकसद से आगे बढ़ता है।
JioHotstar पर आएगा ‘असुर 3’
अरशद वारसी और बरुन सोबती की वापसी के साथ ‘असुर 3’ में श्वेता बसु प्रसाद की नई एंट्री और गौरव शुक्ला का डायरेक्शन दर्शकों के लिए सबसे बड़े आकर्षण में शामिल होगा। तीसरा सीजन पहले से स्थापित कहानी को आगे बढ़ाते हुए एक नए चैप्टर की शुरुआत करेगा। यह सीरीज JioHotstar पर स्ट्रीम होगी।