‘आवारापन 2’ ने मचाई BOX ऑफिस पर तबाही! पहले दिन किया इतने करोड़ का कलेक्शन, तोड़ा अपनी ही फिल्म का रिकॉर्ड
इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी, लेकिन उसके सीक्वल ने 2026 में आते ही जबरदस्त कमाई के साथ अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और पहले दिन के आंकड़े भी काफी उत्साहजनक बताए जा रहे हैं।
पहले दिन दुनियाभर में करीब 29 करोड़ का कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने भारत में पहले दिन 22 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 26.40 करोड़ रुपये रहा। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन करीब 28.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट लगभग 30 करोड़ रुपये है। ऐसे में पहले ही दिन फिल्म ने अपने बजट का बड़ा हिस्सा निकाल लिया है। 15 अगस्त की छुट्टी और वीकेंड का फायदा मिलने से फिल्म के कलेक्शन में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इमरान हाशमी ने अपनी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ा
आवारापन 2’ ने सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत नहीं की, बल्कि इमरान हाशमी की अपनी पुरानी फिल्मों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं। फिल्म ने पहले ही दिन 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर दिया। इसके बाद फिल्म ने ‘मर्डर’ के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ने का दावा किया है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मर्डर’ का लाइफटाइम इंडिया नेट कलेक्शन 15.01 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 21.08 करोड़ रुपये था। वहीं, ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के पहले ही दिन करीब 29 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कारोबार कर लिया।
‘आवारापन 3’ का भी हुआ ऐलान
फिल्म की सफलता के बीच फैंस के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। ‘आवारापन 3’ को लेकर भी इमरान हाशमी ने संकेत दे दिए हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान अभिनेता ने कहा कि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है और उम्मीद है कि ‘आवारापन 3’ भी जल्द दर्शकों के सामने आएगी।
दिशा पाटनी के साथ नजर आए इमरान
‘आवारापन 2’ साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है। इस बार इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी लीड रोल में नजर आ रही हैं। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। 2007 में कमजोर प्रदर्शन करने वाली ‘आवारापन’ की कहानी को आगे बढ़ाते हुए इसके सीक्वल ने बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की है।