{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Border 2 : ट्रोलिंग पर वरुण धवन का बेबाक जवाब, बोले– शोर नहीं, मेरा काम बोलेगा...

 

बॉलीवुड की मच अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। जहां एक तरफ फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर अभिनेता वरुण धवन सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। फिल्म का गाना ‘घर कब आओगे’ सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने वरुण के एक्सप्रेशंस और स्माइल को लेकर मीम्स बना दिए, जिसके चलते उन्हें ट्रोल किया जाने लगा।

हालांकि अब इस पूरे मामले पर वरुण धवन ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए साफ कहा है कि उन्हें इस तरह की ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका मानना है कि सोशल मीडिया पर होने वाला शोर कुछ वक्त का होता है, लेकिन किसी कलाकार की असली पहचान उसका काम होता है।

“किसी को खुश करने के लिए काम नहीं करता”

हाल ही में ‘Braves Of The Soil’ नाम से रिलीज हुए बॉर्डर 2 के ट्रिब्यूट ट्रेलर लॉन्च इवेंट में वरुण धवन ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। एक फैन द्वारा शेयर किए गए वीडियो में जब उनसे ट्रोलिंग को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद शांत अंदाज़ में जवाब दिया।

वरुण ने कहा कि वह नेगेटिव बातों पर ध्यान नहीं देते। ऐसी चीजें हमेशा होती रहती हैं, इसलिए खुद को इससे दूर रखना ही बेहतर है। उन्होंने साफ कहा कि वह न तो किसी को खुश करने के लिए काम करते हैं और न ही ट्रोलिंग का जवाब देने के लिए।

“बॉक्स ऑफिस नहीं, ईमानदार काम जरूरी”

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए वरुण धवन ने यह भी कहा कि उनके लिए किसी फिल्म की सफलता सिर्फ आंकड़ों या सोशल मीडिया रिएक्शन से तय नहीं होती। उनके मुताबिक, सबसे जरूरी है कि फिल्म ईमानदारी और अच्छे इरादों से बनाई जाए। जब दर्शक थिएटर जाते हैं, तो उन्हें फिल्म याद रहती है, न कि मीम्स या ट्रोल्स।

उन्होंने कहा, “आखिर में आपका काम ही बोलता है, शोर नहीं। अगर फिल्म लोगों को पसंद आती है, तो वही सबसे बड़ी जीत होती है।”

सुनील शेट्टी ने भी किया था सपोर्ट

गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी वरुण धवन का खुलकर समर्थन किया था। उन्होंने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा था कि “क्या तुमने पूरी फिल्म देखी है?” सुनील शेट्टी के इस बयान ने वरुण का हौसला और बढ़ा दिया था।

23 जनवरी को रिलीज होगी ‘बॉर्डर 2’

बता दें कि सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा सोनम बाजवा, अनन्या सिंह, मेधा राणा और मोना सिंह भी फिल्म का हिस्सा हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ दर्शकों के दिलों में कैसी जगह बनाती है।