{"vars":{"id": "130921:5012"}}

इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर विवाद, इन 4 गानों को गाने पर लगाई गई रोक

दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को होने वाले इंदौर कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजकों को 'पटियाला पेग' समेत चार गाने नहीं गाने का निर्देश दिया है। जानिए शिकायत, नोटिस और कॉन्सर्ट से जुड़ी पूरी जानकारी यहां विस्तार से।

 

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले चार गानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 15 नवंबर को C-21 मॉल में होने वाले उनके शो को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजकों को पत्र जारी किया है। इसमें दिलजीत से 'पटियाला पेग' समेत चार गाने नहीं गाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि इन गानों में शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले बोल हैं, जिनका बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।

दिलजीत के इन चार गानों पर विभाग को आपत्ति

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल के मैनेजर को पत्र लिखकर कॉन्सर्ट के दौरान चार गाने नहीं गाने के निर्देश दिए हैं। इनमें 'पटियाला पेग', '5 तारा ठीके', 'जीभ विचों लब्बिया' और 'जट्ट उठे फिर करदा' शामिल हैं।

नोटिस में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 2019 के आदेश का पालन कराने की बात कही गई है। विभाग के मुताबिक, शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले गानों का बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। ऐसे में आयोजकों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कॉन्सर्ट के दौरान ये गाने न गाए जाएं।

शिकायत के बाद जारी हुआ नोटिस

यह कार्रवाई चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद की गई है। शिकायत में कॉन्सर्ट में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को प्रवेश देने का मुद्दा भी उठाया गया था। इसके बाद जारी नोटिस में बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और बुलेट बेल्ट नहीं पहनने की मांग भी शामिल की गई है।

नोटिस की प्रति इंदौर के जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है, ताकि कॉन्सर्ट के दौरान निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि, दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट पर रोक नहीं लगाई गई है। आपत्ति केवल उन चार गानों को लेकर है, जिन्हें कार्यक्रम में नहीं गाने की मांग की गई है।

30 अक्टूबर को दिल्ली में किया था परफॉर्म

दिलजीत दोसांझ ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्मेंस के साथ की थी। हालांकि, दिल्ली में उनके कॉन्सर्ट से पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी।

इससे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का संपर्क प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े लोगों से था। इस मामले को लेकर कॉन्सर्ट को बाधित करने की साजिश की आशंका जताई गई थी।