{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बॉलीवुड में एंट्री करेंगे एल्विश यादव! टाइगर श्रॉफ और अभिषेक बनर्जी के साथ इस फिल्म में आएंगे नजर
 

 

नई दिल्ली: यूट्यूबर और सोशल मीडिया स्टार एल्विश यादव अब बड़े पर्दे पर अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। कंटेंट क्रिएटर से टीवी और ओटीटी तक अपनी पहचान बनाने वाले एल्विश अब निर्देशक रेमो डिसूजा की आगामी एक्शन फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ टाइगर श्रॉफ और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

यह फिल्म टीवी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन के नए प्रोडक्शन हाउस 'VJ फ्रेम्स' के बैनर तले बनाई जाएगी। खास बात यह है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक एक्शन फ्रेंचाइजी की शुरुआत होगी।

1 अगस्त से शुरू होगी शूटिंग

फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस अनटाइटल्ड एक्शन फिल्म की शूटिंग 1 अगस्त से शुरू हो रही है। हालांकि, फिल्म के नाम और रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

फैंस में जबरदस्त उत्साह

एल्विश यादव के बॉलीवुड डेब्यू की खबर सामने आते ही उनके फैंस सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "10-12 साल की मेहनत का फल अब मिल रहा है, आप पर गर्व है एल्विश।" वहीं दूसरे फैन ने लिखा, "ऑल द बेस्ट भाई, हमेशा की तरह अपने आलोचकों को गलत साबित करो।" एक अन्य प्रशंसक ने कहा, "पहले यूट्यूब पर देखा, फिर टीवी पर और अब सिनेमा हॉल में देखेंगे।"

रियलिटी शोज से बनाई पहचान

एल्विश यादव बिग बॉस OTT 2 के विजेता रह चुके हैं। इसके अलावा वे प्लेग्राउंड, MTV रोडीज XX: डबल क्रॉस, लाफ्टर शेफ्स समेत कई टीवी और रियलिटी शोज में नजर आ चुके हैं। पिछले साल उन्होंने वेब शो 'औकात के बाहर' से अभिनय की शुरुआत की थी और अब वे बॉलीवुड में अपनी नई पारी खेलने के लिए तैयार हैं।