{"vars":{"id": "130921:5012"}}

इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, कई सीन्स में बदलाव के बाद मिली मंजूरी

 

मुंबई। इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' को रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से U/A 16+ सर्टिफिकेट मिल गया है। हालांकि, फिल्म को मंजूरी देने से पहले सेंसर बोर्ड ने मेकर्स से कई बदलाव करने और कुछ दृश्यों में कट लगाने के निर्देश दिए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, CBFC की एग्जामिनिंग कमिटी ने फिल्म में कुल 9 बदलाव करने को कहा है। इनमें ड्रग्स के इस्तेमाल, हिंसा और कुछ आपत्तिजनक शब्दों से जुड़े दृश्य शामिल हैं।

ड्रग्स और चाइल्ड ट्रैफिकिंग पर डिस्क्लेमर जरूरी

सेंसर बोर्ड ने फिल्म में ड्रग्स के इस्तेमाल और बच्चों की तस्करी (चाइल्ड ट्रैफिकिंग) से जुड़े दृश्यों से पहले उपयुक्त डिस्क्लेमर जोड़ने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, स्मोकिंग वाले दृश्यों के दौरान नियमों के अनुसार चेतावनी संदेश (टिकर) दिखाना भी अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा, 2021 के नियमों के तहत फिल्म का शीर्षक हिंदी में भी प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। कुछ संवादों और सबटाइटल में इस्तेमाल किए गए अश्लील शब्दों को भी बदलने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंसा वाले कई दृश्य किए गए छोटे

फिल्म के दूसरे भाग में मौजूद एक हिंसक दृश्य की अवधि लगभग 50 प्रतिशत कम करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा तीन अन्य दृश्यों से अत्यधिक हिंसा वाले हिस्से हटाए गए हैं। वहीं, ड्रग्स सूंघने से जुड़ा एक दृश्य भी पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए गए हैं। एंड क्रेडिट्स में भी तकनीकी बदलाव किए गए हैं।

14 अगस्त को होगा बड़ा बॉक्स ऑफिस मुकाबला

'आवारापन 2' 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दिन सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' भी रिलीज हो रही है, ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।