200 करोड़ के करीब पहुंची ‘हनुमान अंश’, अब विदेशों में भी दिखेगा नीम करौली बाबा की जिंदगी का सफर
नई दिल्ली। नीम करौली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 35 दिनों में 163.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 192.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब यह फिल्म 200 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन के आंकड़े से कुछ ही दूर है।
दुनिया भर में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’
फिल्म की लोकप्रियता और कहानी को देखते हुए होम्बले फिल्म्स ने इसके वर्ल्डवाइड डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाली है। 11 सितंबर को ‘हनुमान अंश’ को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया। प्रोडक्शन हाउस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “आस्था, भक्ति और दिव्य आत्मा की एक यात्रा आज दुनियाभर में शुरू हो रही है। फिल्म वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में आ चुकी है। इसे ओवरसीज होम्बले फिल्म्स ने रिलीज किया है।”
इन देशों में पहुंची फिल्म
होम्बले फिल्म्स ने ‘हनुमान अंश’ को नॉर्थ अमेरिका, यूरोप, यूएई, ओमान, कतर, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों में रिलीज किया है। नीम करौली बाबा के भक्तों की संख्या भारत तक सीमित नहीं है। विदेशों में भी उनके जीवन और आध्यात्मिक विरासत को लेकर लोगों में गहरी आस्था है। ऐसे में फिल्म की ग्लोबल रिलीज से विदेशी दर्शकों को भी बाबा की जिंदगी से जुड़ी कहानी बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।
2 करोड़ के बजट में 7000% प्रॉफिट का दावा
रिपोर्ट के अनुसार, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ अब तक लगभग 7000 प्रतिशत प्रॉफिट कमा चुकी है। फिल्म ने 2026 की सफल फिल्मों में अपनी खास जगह बनाई है और इसके प्रदर्शन की तुलना ‘धुरंधर 2’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी बड़ी फिल्मों से की जा रही है।
फिल्म की सफलता के बाद इसके दूसरे पार्ट की तैयारी भी शुरू होने की जानकारी सामने आई है। अब देखना होगा कि ग्लोबल रिलीज के बाद ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना आगे जाता है।