IFFI 2026: पुर्तगाली फिल्म 'अकी' ने जीता गोल्डन पीकॉक, 'कांतारा' के ऋषभ शेट्टी बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का समापन हुआ। पुर्तगाली फिल्म 'अकी' ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का गोल्डन पीकाक पुरस्कार जीता। 'कांतारा: अ लेजेंड-चैप्टर वन' के ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, जबकि माया ओ'रूकें को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सिल्वर पीकाक सम्मान मिला।
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में पुर्तगाली फिल्म निर्माता तियोगो गुएडेस की स्पेनिश भाषा की ड्रामा फिल्म 'अकी' ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का प्रतिष्ठित गोल्डन पीकाक पुरस्कार जीता। शनिवार को गोवा में आयोजित समापन समारोह में फिल्म को यह सम्मान दिया गया। वहीं, 'कांतारा: अ लेजेंड-चैप्टर वन' के निर्माता और अभिनेता ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सिल्वर पीकाक पुरस्कार मिला। महोत्सव में विभिन्न श्रेणियों में कई फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को सम्मानित किया गया।
'अकी' को मिला गोल्डन पीकाक पुरस्कार
पुर्तगाली-फ्रेंच फिल्म 'अकी' की पटकथा तियोगो गुएडेस और लुइस अराउजो ने मिलकर लिखी है। यह फिल्म जेएम कोएत्जी की जीसस ट्राइलॉजी पर आधारित है। इस साल मई में कान फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होने के बाद फिल्म का भारत में प्रीमियर इफ्फी के दौरान हुआ। समापन समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने विजेता को पुरस्कार प्रदान किया।
ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान
'कांतारा: अ लेजेंड-चैप्टर वन' को जूरी की ओर से स्पेशल मेंशन दिया गया। फिल्म निर्माता और अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने यह सम्मान ग्रहण किया। इसके साथ ही फिल्म में अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सिल्वर पीकाक पुरस्कार भी मिला। शेट्टी ने फिल्म में अपने गांव की कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत किया है।
इन कलाकारों और फिल्मों को भी मिला सम्मान
इफ्फी में सर्वश्रेष्ठ पहली फीचर फिल्म का पुरस्कार इतालवी ड्रामा फिल्म 'द गोल्डन एज' को दिया गया। इस फिल्म का निर्देशन बेरेंजर थौइन ने किया है।
चिली की निर्देशक मैनुएला मार्टेली की फिल्म 'द मेल्टडाउन' (एल डेशिएलो) में नौ साल की इनेस का किरदार निभाने वाली माया ओ'रूकें को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सिल्वर पीकाक पुरस्कार मिला। वहीं, जर्मन फिल्म निर्माता वोल्कर श्लोंडोर्फ को उनकी फिल्म 'विजिटेशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकाक पुरस्कार दिया गया।
'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' को बेस्ट वेब सीरीज अवॉर्ड
घड़ी निर्माता टाइटन के सफर पर आधारित 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' ने इफ्फी में सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज का पुरस्कार अपने नाम किया। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के समापन के साथ ही विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित फिल्मों और कलाकारों के नाम सामने आए।