{"vars":{"id": "130921:5012"}}

फूट-फूटकर रोने लगे 'लापता लेडीज' एक्टर सतेंद्र सोनी... आरोप- 8 दिन शूटिंग कराई, पैसे मांगे तो डायरेक्टर ने की मारपीट!

'लापता लेडीज' फेम अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह पर पेमेंट विवाद के बाद मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो साझा कर पूरी घटना बताई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
 

Satendra Soni Assault: बॉलीवुड फिल्म 'लापता लेडीज' से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी ने एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए कथित पेमेंट विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेता का कहना है कि आठ दिन की शूटिंग पूरी करने के बावजूद जब उन्होंने अपनी बकाया रकम मांगी तो उन्हें न केवल सेट छोड़ने के लिए कहा गया, बल्कि फिल्म के निर्देशक और उनके सहयोगियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर सुनाई आपबीती

सतेंद्र सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह रोते हुए पूरी घटना बताते नजर आए। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंचे थे, जहां निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने उन्हें 50 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट दिया था और बाकी भुगतान शूटिंग पूरी होने के बाद करने का वादा किया था।

अभिनेता के मुताबिक, आठ दिन की शूटिंग पूरी होने के बाद जब उन्होंने बकाया भुगतान की बात की तो निर्देशक ने उन्हें पैक-अप करने के लिए कह दिया और होटल छोड़ने का दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

'पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद'

वीडियो में सतेंद्र सोनी ने कहा कि उन्होंने सिर्फ अपना मेहनताना मांगा था, लेकिन इसके बाद पूरा माहौल बदल गया। उनका आरोप है कि उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई ताकि वह अपने पैसे की मांग छोड़ दें।

उन्होंने कहा कि कलाकारों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुखद है और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होना चाहिए।

कार से पीछा कर बीच सड़क मारपीट का आरोप

वीडियो के साथ साझा किए गए विस्तृत पोस्ट में सतेंद्र सोनी ने आरोप लगाया कि निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रगति चौहान ने उनका कार से पीछा किया।

अभिनेता के अनुसार, जब वह अपने दो साथियों के साथ सड़क पर जा रहे थे, तभी दोनों ने कार रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि बीच-बचाव करने आए उनके साथी श्रीधर के साथ भी मारपीट की गई।

सुरक्षित मुंबई लौटने के बाद पुलिस का जताया आभार

घटना के बाद सतेंद्र सोनी ने एक और वीडियो साझा कर बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ सुरक्षित मुंबई लौट आए हैं। रेलवे स्टेशन से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस और उन लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें सुरक्षित शहर से बाहर निकलने में मदद की। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में मिली सहायता के लिए वह सभी के आभारी हैं।

कौन हैं सतेंद्र सोनी?

सतेंद्र सोनी पिछले कई वर्षों से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने 'डॉक्टर जी', 'बवाल', 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' और 'हेलो बच्चों' जैसी फिल्मों और शोज़ में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

हालांकि उन्हें सबसे ज्यादा पहचान किरण राव निर्देशित फिल्म 'लापता लेडीज' से मिली, जिसमें उन्होंने छोटू का किरदार निभाया था। यह फिल्म समीक्षकों की पसंद बनी और भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक प्रविष्टि भी चुनी गई थी।

'मिर्जापुर: द मूवी' में आएंगे नजर

सतेंद्र सोनी जल्द ही 'मिर्जापुर: द मूवी' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर कर रहे हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु और जितेंद्र कुमार जैसे चर्चित कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

आरोपों पर अब तक नहीं आया आधिकारिक जवाब

फिलहाल अभिनेता द्वारा लगाए गए आरोपों पर निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है और अभिनेता के वीडियो के बाद इंडस्ट्री में भी इसे लेकर बहस शुरू हो गई है।