ममूटी के BJP नेता के घर जाने पर क्यों मचा बवाल, सोशल मीडिया पर हो रही जमकर आलोचना
मलयालम अभिनेता ममूटी के बीजेपी नेता बी गोपालकृष्णन के घर जाने पर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया है। अभिनेता ने उनकी बेटी की शादी के बाद नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया था। बीजेपी नेता ने उनका बचाव किया, जबकि CPI(M) ने ऑनलाइन हमलों से दूरी बनाई।
मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार ममूटी के केरल में बीजेपी नेता बी गोपालकृष्णन के घर जाने के बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया है। ममूटी यहां गोपालकृष्णन की बेटी और दामाद को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इस मुलाकात के वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अभिनेता की आलोचना की। विवाद बढ़ने पर बीजेपी नेता ने ममूटी का बचाव किया, वहीं CPI(M) के वरिष्ठ नेताओं ने साफ किया कि ऑनलाइन हमले करने वाले लोग पार्टी का प्रतिनिधित्व नहीं करते।
बेटी की शादी में शामिल नहीं हो पाए थे ममूटी
बीजेपी की केरल इकाई के उपाध्यक्ष बी गोपालकृष्णन की बेटी की शादी 1 नवंबर को गुरुवायुर में हुई थी। इस समारोह में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं और फिल्म जगत की हस्तियों ने हिस्सा लिया था। इनमें मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और विपक्ष के नेता पिनराई विजयन समेत कई प्रमुख नेता शामिल थे।
ममूटी शादी समारोह में शामिल नहीं हो सके थे। इसके बाद वह रविवार शाम को त्रिशूर स्थित गोपालकृष्णन के घर पहुंचे और नवविवाहित जोड़े को बधाई दी। इस मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद कुछ यूजर्स ने अभिनेता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
BJP नेता ने कहा- निजी रिश्तों को राजनीति से न जोड़ें
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना के बाद बी गोपालकृष्णन ने ममूटी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि निजी रिश्तों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए। दोस्ती राजनीति, धर्म, जाति, भाषा और रंग से ऊपर होती है।
गोपालकृष्णन ने कहा कि केरल में अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के लोगों के बीच व्यक्तिगत संबंधों की परंपरा रही है। कुछ लोग इस आपसी संबंध और सद्भाव को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ममूटी के घर आने पर खुशी जताई और कहा कि अभिनेता ने शादी में शामिल नहीं हो पाने के बावजूद परिवार से मिलने का समय निकाला।
CPI(M) ने ऑनलाइन आलोचना से किया किनारा
ममूटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर हो रही टिप्पणियों को लेकर CPI(M) के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री थॉमस इसाक ने पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आलोचना करने वाले लोग CPI(M) के कार्यकर्ता नहीं हैं। पार्टी की अपनी आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, नीतियां और नेतृत्व है। कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर पार्टी के नाम पर अपनी बात रख सकता है, लेकिन इससे वह पार्टी का प्रतिनिधि नहीं हो जाता।
इसाक ने ममूटी को केरल की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि अभिनेता के वामपंथी दलों के साथ करीबी संबंध रहे हैं और CPI(M) इस रिश्ते को बनाए रखना चाहती है।
इससे पहले पार्टी के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने भी ममूटी के खिलाफ ऑनलाइन हमलों से दूरी बनाई थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी किसी व्यक्ति के खिलाफ संगठित तरीके से हमले करने में विश्वास नहीं रखती। गोविंदन के मुताबिक, ममूटी एक दिग्गज अभिनेता हैं और उनके विचारों से असहमति होने पर भी स्वस्थ संवाद होना चाहिए।
पहले भी सोशल मीडिया पर हुई थी आलोचना
ममूटी को इससे पहले भी वायनाड में भूस्खलन प्रभावितों के लिए बनाए गए टाउनशिप के दौरे के दौरान सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था। उस समय उनके साथ CPI(M) के वायनाड जिला सचिव के रफीक भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में ममूटी उनसे कहते नजर आए थे कि उनके साथ आने से लोगों को यह लग सकता है कि वह किसी राजनीतिक दल की ओर से पहुंचे हैं।
इस घटना के बाद भी सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। अब बीजेपी नेता के घर जाने के बाद एक बार फिर अभिनेता के निजी संबंधों को राजनीतिक चश्मे से देखने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।