{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मिनी माथुर बनीं 'अलायंस' सीजन 1 की पहली विनर, जीते 50 लाख रुपये; जीत के बाद महिलाओं को दिया खास संदेश
 

 

मुंबई। अभिनेता कुणाल खेमू के रियलिटी शो 'अलायंस' को अपना पहला विजेता मिल गया है। ग्रैंड फिनाले में मिनी माथुर ने रूही दोसानी और अली गोनी को पीछे छोड़ते हुए 'अलायंस' सीजन 1 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के साथ उन्हें ट्रॉफी के अलावा 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली।

शो के पहले दिन से ही प्रतियोगिता का हिस्सा रहीं मिनी माथुर ने फिनाले में हुए अंतिम और सबसे कठिन टास्क को शानदार रणनीति, मानसिक मजबूती और शारीरिक सहनशक्ति के दम पर पूरा किया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने सीजन की पहली विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

पूरे सीजन में मिनी माथुर ने निखिल चिनापा के साथ टीम लेजेंड का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें शो के सबसे मजबूत और लोकप्रिय कंटेस्टेंट्स में गिना गया। हालांकि, उनके गेम खेलने के तरीके को लेकर कुछ प्रतियोगियों ने उन्हें 'डिप्लोमैटिक' बताते हुए आलोचना भी की। बावजूद इसके, उन्होंने अपने शांत स्वभाव और संतुलित रणनीति से फाइनल तक का सफर तय किया।

मिनी माथुर ने शो में हेडक्वार्टर की एकमात्र महिला 'एस' बनकर भी इतिहास रचा। उनकी मौजूदगी ने शो की सबसे मजबूत अलायंस बनाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, फिनाले से पहले कुशाल टंडन समेत कई मजबूत प्रतियोगी शो से बाहर हो गए थे।

जीत के बाद भावुक हुईं मिनी माथुर

ट्रॉफी जीतने के बाद मिनी माथुर ने कहा कि यह सफर उनके लिए किसी पूरी जिंदगी को जीने जैसा रहा। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला रियलिटी शो था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इस तरह की प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगी।

उन्होंने कहा कि मुझे स्पोर्ट्स और कॉम्पिटिशन पसंद हैं, इसलिए मैंने इस शो के लिए हामी भरी। मुझे लगा था कि मैं एक हफ्ते से ज्यादा नहीं टिक पाऊंगी, लेकिन इस सफर ने मुझे खुद को समझने और अपनी सीमाओं को चुनौती देने का मौका दिया।"

महिलाओं के नाम दिया प्रेरणादायक संदेश

मिनी माथुर ने अपनी जीत को सभी महिलाओं को समर्पित करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी यह यात्रा महिलाओं को अपने सपनों पर विश्वास करने और हर चुनौती का डटकर सामना करने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि मुझे देखकर सभी महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी। मुझे लगता है कि अब कोई सीमा नहीं है और मैं खुद को आगे भी लगातार चुनौती देती रहूंगी।