'रामायण' के वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किए तो होगी जेल? मेकर्स ने जारी किया कानूनी नोटिस
रणबीर कपूर की फिल्म रामायण: पार्ट 1 ने तीन दिनों में वर्ल्डवाइड 375 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। इस बीच फिल्म पाइरेसी का शिकार हो गई। निर्माताओं ने लीगल नोटिस जारी कर सिनेमाघरों में रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर क्लिप शेयर करने वालों को जेल और जुर्माने की चेतावनी दी है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज तीन दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 375 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। हालांकि, इस बड़ी सफलता के बीच फिल्म पाइरेसी का शिकार हो गई है। सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग कर उसके वीडियो क्लिप सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जा रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माताओं ने कानूनी नोटिस जारी कर ऐसा करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
मेकर्स ने जारी किया लीगल नोटिस
फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर एक कानूनी नोटिस साझा किया है। इसमें कहा गया है कि उनके संज्ञान में आया है कि सिनेमाघरों के अंदर 'नमित मल्होत्रा की रामायण' की अनधिकृत रिकॉर्डिंग की जा रही है। इसके बाद इन वीडियो और क्लिप को बिना अनुमति सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है।
नोटिस में बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेशों का भी हवाला दिया गया है। इसके मुताबिक, कमर्शियल IP सूट (L) नंबर 37230/2026 में 2 नवंबर 2026 और 6 नवंबर 2026 को जारी आदेशों के तहत सभी ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों को फिल्म या उसके किसी भी हिस्से की बिना अनुमति रिकॉर्डिंग करने, अपलोड करने, साझा करने या किसी अन्य तरीके से प्रसारित करने से रोक दिया गया है।
निर्माताओं ने स्पष्ट किया है कि ऐसा करना कॉपीराइट का उल्लंघन है और इसके लिए संबंधित कानूनों के तहत आपराधिक कार्रवाई हो सकती है।
फिल्म के क्लिप शेयर करने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान
लीगल नोटिस में कॉपीराइट एक्ट 1957, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और आईटी एक्ट 2000 का उल्लेख किया गया है। मेकर्स के मुताबिक, इन कानूनों के तहत दोषी पाए जाने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा, अदालत के आदेश का उल्लंघन करने पर न्यायालय की अवमानना की कार्रवाई भी हो सकती है।
मेकर्स ने तुरंत पोस्ट हटाने का दिया निर्देश
निर्माताओं ने दर्शकों और सोशल मीडिया यूजर्स को सख्त निर्देश दिया है कि वे सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग न करें और न ही इसके वीडियो क्लिप किसी सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शेयर करें।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि जिन लोगों ने पहले से फिल्म के क्लिप पोस्ट किए हैं, वे उन्हें तत्काल हटा दें। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ संबंधित अधिकारियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से शिकायत की जाएगी।
मेकर्स ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी पूर्व सूचना के आपराधिक, दीवानी और न्यायालय की अवमानना से जुड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
तीन दिनों में 'रामायण' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 375 करोड़ पार
पाइरेसी विवाद के बीच फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, 'रामायण: पार्ट 1' ने रिलीज के पहले तीन दिनों में दुनियाभर में 375 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
फिल्म की भारत में कमाई का आंकड़ा इस प्रकार रहा:
पहला दिन: 64.85 करोड़ रुपये (नेट)
दूसरा दिन: 48.05 करोड़ रुपये (नेट)
तीसरा दिन: 69.80 करोड़ रुपये (नेट)
इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 182.70 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 218.25 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशों में फिल्म ने लगभग 157.25 करोड़ रुपये (ग्रॉस) की कमाई की है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश हैं मुख्य भूमिकाओं में
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में शानदार कमाई के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, निर्माताओं ने पाइरेसी रोकने के लिए अब सख्त कानूनी रुख अपनाया है।